पीलीभीत: चंगेज खां को इंसाफ दिलाने की मांग, इंडिया गठबंधन के दल डीएम मिले

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पूरनपुर कोतवाल को हटाने और मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराने की मांग

पीलीभीत, अमृत विचार। पूरनपुर के चर्चित चंगेज खां पिटाई प्रकरण में राजनीति तेज होती जा रही है। एक तरफ मामले को लव जिहाद से जोड़ते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ता सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर पूर्व में प्रदर्शन भी किया जा चुका है। इधर, अब इंडिया गठबंधन से जुड़े राजनीतिक दलों के पदाधिकारी चंगेज खां के समर्थन में हैं। डीएम से मुलाकात कर मामले की मजिस्ट्रेट से जांच कराने और पूरनपुर कोतवाल को हटाने की मांग की गई है।  

इंडिया गठबंधन से जुड़े राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने बीते दिनों चंगेज खां के आवास पर जाकर स्वास्थ्य की जानकारी जुटाई थी। इसके बाद बैठक कर मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसी क्रम में मंगलवार को सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, जिला महासचिव नफीस अहमद अंसारी, जिला उपाध्यक्ष काशीराम सरोज, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा, भाकपा माले के जिला सचिव देवाशीष राय, शम्स विकास एडवोकेट, किशनलाल एडवोकेट आदि ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम संजय कुमार सिंह से मुलाकात की। इस दौरान संयुक्त रूप से ज्ञापन भी सौंपा गया। जिसमें कहा कि एक सितंबर को पूरनपुर के बंडा चौराहे पर एक तरह से मॉब लिंचिंग करते हुए चंगेज खां की बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पिटाई की। क्षेत्र में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने के लिए लव जिहाद का मुद्दा बनाने की कोशिश चल रही है। आरोप लगाया कि पूरनपुर कोतवाल हमला करने वालों का संरक्षण दे रहे हैं। ऐसे में घटना की मजिस्ट्रेट जांच कराने की मांग की गई। ये भी कहा कि पूरनपुर कोतवाल द्वारा आरोपियों पर कार्रवाई करने में लापरवाही बरती गई है। इस पर उन्हें हटाया जाए और दंडात्मक कार्रवाई हो। जो लोग माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर सख्त कार्रवाई हो।

संबंधित समाचार