तेज वाहन चलाने वाले खुद को न समझें शहंशाह: एसएसपी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सड़कों पर तेज गति में वाहन चलाने वाले खुद को शहंशाह न समझें। ऐसा करने से आप भी हादसे का शिकार हो सकते हैं। लोगों को चालान भरने से पहले यातायात नियमों का पालन करने के बारे में सोचना चाहिए ताकि हादसे में जान बच सके। ये बातें एसएसपी रोहित सिंह सजवाण …

बरेली, अमृत विचार। सड़कों पर तेज गति में वाहन चलाने वाले खुद को शहंशाह न समझें। ऐसा करने से आप भी हादसे का शिकार हो सकते हैं। लोगों को चालान भरने से पहले यातायात नियमों का पालन करने के बारे में सोचना चाहिए ताकि हादसे में जान बच सके। ये बातें एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने पुलिस लाइंस रविंद्रालय में यातायात माह की शुरुआत के लिए आयोजित कार्यक्रम में कहीं।

उन्होंने पुलिस लाइंस से जागरूकता रैली को भी हरी झंडी दिखाई। हादसों के रिकार्ड भी यही हकीकत बयां कर रहे हैं। नवंबर में चलने वाले यातायात माह के तहत लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का पालन कराने के लिए सख्ती भी की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने इसे लेकर पूरे माह की कार्ययोजना तैयार कर ली है।

पुलिस लाइंस में पुलिसकर्मियों, ऑटो ड्राइवर्स, ट्रांसपोर्टर्स, सिविल डिफेंस के सदस्यों को संबोधित करते हुए एसएसपी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष देश में डेढ़ लाख लोग हादसों में जान गंवा देते हैं। 4 से 5 लाख लोग घायल हो जाते हैं जिन्हें जिंदगीभर दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता है। बरेली का आंकड़ा भी चौंकाने वाला है। हत्या व सुसाइड से 7 से 10 गुना ज्यादा जानें हादसों में जा रही हैं। लोग हादसों को भाग्य से जोड़ लेते हैं जबकि हादसे लापरवाही से ही होते हैं।

लोग जानते हैं कि हेलमेट, सीट बेल्ट जरूरी है, फिर भी लापरवाही करते हैं। जब पुलिस सख्ती कर चालान करती है तो गुस्सा दिखाते हैं। यही नहीं उनकी गलती की वजह से कई बार दूसरों को भी खामियाजा भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जुर्माना चुकाने से अच्छा है कि नियम का पालन करें। ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को भी चौराहों पर नहीं खड़ा होना चाहिए क्योंकि उनकी वजह से दूसरे वाहन चालकों को दिक्कत होती है।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि हादसा होने पर घायल को तुरंत एंबुलेंस बुलाकर हॉस्पिटल पहुंचाएं। घायल की मदद करने वालों पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करेगी। पुलिसकर्मियों को फर्स्ट एड देने की ट्रेनिंग फिर से शुरू की जाएगी। अभी तक 240 पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है।

पुलिस लाइंस से निकाली गई रैली
पुलिस लाइंस से निकाली गई रैली में बाइक पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी, होमगार्ड्स, सिविल डिफेंस स्टाफ, ऑटो व ई-रिक्शा चालक शामिल हुए। रैली पुलिस लाइंस से चौकी चौराहा, बियावान कोठी, मालियों की पुलिया, सेटेलाइट, ईसाइयों की पुलिया, गांधी उद्यान होकर वापस पुलिस लाइंस पहुंची। पुलिस लाइंस में जागरुकता कार्यक्रम में एसपी सिटी रविंद्र कुमार, एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार वाजपेई, एएसपी सत्यनारायण प्रजापत, एआरटीओ एके गुप्ता, व्यास प्रबंधक एसबीआई पुलिस लाइंस पवन कुमार, सीओ नगर प्रथम दिलीप सिंह, सीओ ट्रैफिक नागेंद्र सिंह, पुलिस उपाधीक्षक ट्रेनी हेमंत कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर दिनेश कुमार पांडेय व अन्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ट्रैफिक इंस्पेक्टर परवेज अली खान और एसके सूरी ने किया।

डिवाइडर पर चढ़ी स्कूटी
सेटेलाइट से शाहजहांपुर जाने वाली रोड पर अचानक एक स्कूटी सवार डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पहचान कुतुबखाना निवासी अर्पित के रूप में हुई। वह सेल्समैन था और नरियावल की ओर से दुकानों पर नमकीन, टॉफी बिस्कुट व अन्य सामान सप्लाई करके लौट रहा था। हादसे के बाद उसका सामान सड़क पर बिखर गया। सूचना पर नकटिया चौकी से पहुंची पुलिस ने उसे पब्लिक की मदद से हॉस्पिटल भिजवाया।

संबंधित समाचार