शाहजहांपुर: पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पांच पशु तस्कर किए गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर,अमृत विचार। पशु तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायर कर दिया। पुलिसकर्मी फायरिंग में बाल-बाल बच गए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांच पशु तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से अवैध असलहा व पशु बरामद हुए। तस्कर लखनऊ, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई से पशु चुराकर बरेली के कसाईखाने में बेच …

शाहजहांपुर,अमृत विचार। पशु तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायर कर दिया। पुलिसकर्मी फायरिंग में बाल-बाल बच गए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांच पशु तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से अवैध असलहा व पशु बरामद हुए। तस्कर लखनऊ, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई से पशु चुराकर बरेली के कसाईखाने में बेच देते थे। तस्करों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया हैं।

रविवार रात खुदागंज पुलिस व एसओजी टीम वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी हुई थी। गांव मझिला में कठिना नदी के पास टीम पहुंची। तभी सूचना मिली कि कुछ लोग गली तिराहे के पास यूकेलिप्टिस पेड़ों के पास एकत्र होकर पशु चोरी की योजना बना रहे हैं। वे पिकअप का इंतजार कर रहे थे। पुलिस टीम ने तस्करों की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को पुलिस से घिरता देखकर तस्करों में भगदड़ मच गई। तभी एक तस्कर ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। इसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने घेराबंदी कर पांच पशु तस्करों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर तस्करों के पास से तीन तमंचे और कारतूस बरामद हुए।

पकड़े गए तस्करों में पीलीभीत जिला के थाना बीसलपुर क्षेत्र के गांव मीरपुर वाहनपुर निवासी शाहिद, हरदोई के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नयागांव निवासी रहीम, थाना निगोही क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी मेहंदी हसन, इसी थाना क्षेत्र के मोहल्ला ककरा निवासी इस्लाम व तालगांव निवासी मुन्ना हैं। पकड़े गए तस्कर इस्लाम के खिलाफ संगीन धाराओं में एक दर्जन से अधिक व शाहिद के खिलाफ चार मुकदमे विभिन्न जनपदों के थानों में दर्ज हैं। पुलिस काफी दिनों से इनकी तलाश कर रही थी।

कई जिलों में चोरी करते थे पशु
पूछताछ में पशु तस्करों ने बताया कि वे लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बहराइच, शाहजहांपुर के जलालाबाद, कांट, पुवायां, कटरा, सीतापुर से पशु चोरी करते हैं। इसके बाद पिकअप के माध्यम से बरेली के ठिरिया स्थिति शकील हाजी शेल्टर हाउस में बेच देते हैं।

“खुदागंज पुलिस और एसओजी टीम ने मिलकर बड़ी सफलता हासिल की है। पशु तस्करों के गिरोह के पांच सदस्यों को गिफ्तार किया है। पशु तस्करों से पूछताछ की जा रही है।” -एस आनंद, एसपी

संबंधित समाचार