Fatehpur News: मिट्टी का टीला धंसा...मासूम की मौत व तीन घायल, हादसे के बाद मची चीख-पुकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किशनपुर थानाक्षेत्र के नरौली मजरे गढ़ा गांव की घटना

फतेहपुर, अमृत विचार। किशनपुर थानाक्षेत्र के नरौली मजरे गढ़ा गांव में मिट्टी खोदने गई महिलाओं पर मिट्टी का टीला गिर गया। टीला गिरने से मलबे में दबकर एक मासूम की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नरौली गांव निवासी रामबरन की पत्नी मैकी देवी सोमवार की सुबह करीब 10 बजे घर कार्य में उपयोग करने के लिए गांव किनारे जंगल में मिट्टी खोदने गई थी। उस दौरान उसके साथ प्रीतम निषाद व राजकुमार की तीन पुत्रियां भी गई हुई थीं। वह सभी मिट्टी की खोदाई कर रही थी। मिट्टी की खुदाई करते समय अचानक मिट्टी का टीला धंस गया। जिसके मलबे में वह तीनों दब गईं। 

टीला गिरते ही आस-पड़ोस में काम कर रहे लोग चीख-पुकार करते हुए गांव पहुंचे, उन्होंने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे को हटाकर सभी को बाहर निकाला। उस दौरान प्रीतम निषाद की पांच वर्षीय पुत्री सुमेरिया देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अंजू देवी (12) पुत्री प्रीतम निषाद मैकी देवी (40) पत्नी रामबरन निहारिका देवी पुत्री राजकुमार गम्भीर रूप से घायल हो गईं। इस दौरान सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में घायलों को एम्बुलेंस की मदद से इलाज के लिए भेजा गया है। जहां सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। मामले में किशनपुर प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि मौके पर पहुंच घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

इससे पूर्व में भी घट चुकी है ऐसी घटनाएं 

स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पूर्व में भी कई साल पहले घटना स्थल के आसपास कई बार ऐसी घटनाएं घटित हो चुकी हैं। इससे पूर्व में भी मिट्टी खुदाई के दौरान टीला गिरने से कई लोग मलबे में दब चुके है। लेकिन किसी की जान नहीं गई थी। इस बार की हुई घटना में एक बच्ची की मौत हो गई है। ऐसी कई घटनाओं के बाद भी लोग अपने लापरवाही से बाज नहीं आ रहे है।

ये भी पढ़ें- कानपुर में दुष्कर्म पीड़िता ने पी लिया था कीटनाशक...मौत: चार युवकों ने लूटी थी अस्मत, पुलिस सभी को भेज चुकी जेल

संबंधित समाचार