बरेली: आईपीएल सट्टे का बड़ा ब्रोकर गिरफ्तार, पांच बुकीज की तलाश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। आईपीएल सट्टे का बड़ा ब्रोकर बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने शहर के पांच बड़े बुकीज के नाम भी पुलिस को बताए हैं। बुकीज के नंबर पुलिस ने सर्विलांस पर लगा दिए हैं। आरोपी के मोबाइल से पुलिस को सैकड़ों काल रिकार्डिंग और चैट भी मिली हैं। वह …

बरेली,अमृत विचार। आईपीएल सट्टे का बड़ा ब्रोकर बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने शहर के पांच बड़े बुकीज के नाम भी पुलिस को बताए हैं। बुकीज के नंबर पुलिस ने सर्विलांस पर लगा दिए हैं। आरोपी के मोबाइल से पुलिस को सैकड़ों काल रिकार्डिंग और चैट भी मिली हैं। वह दो प्रतिशत पर बुकीज के लिए काम करता है।

बारादरी पुलिस को सूचना मिली कि मॉडल टाउन चौकी क्षेत्र का डेलापीर निवासी आशीष खन्ना आईपीएल मैचों में सट्टा लगवाने का काम करता है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में ब्रोकर आशीष ने बताया कि स्टेडियम रोड पर रहने वाले मयंक, गौरव सिंह, नवनीत सिंह पाटा, राहुल रस्तोगी और सुभाष बुकी हैं। ये लोग सट्टे में लोगों से पैसा लगवाते हैं। पुलिस पांचों बुकीज के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस पांचों बुकीज के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही है।

आगरा मंडल तक फैला जाल
पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आशीष सट्टे का प्यादा है जबकि बुकीज के नीचे अन्य ब्रोकर काम कर रहे हैं। उनकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इनका जाल आगरा, एटा, कासगंज समेत कई जिलों तक फैला है। बुकीज के कनेक्शन नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली तक के सट्टा माफिया से हैं।

मोबाइल से मिली 750 कॉल की रिकार्डिंग
पुलिस को आशीष खन्ना के मोबाइल से 750 कॉल रिकार्डिंग व सैकड़ों चैट मिली हैं। पुलिस ने बताया कॉल रिकार्डिंग में आशीष सट्टा लगाने वालों से बात कर रहा है। सोशल मीडिया को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा और व्हाट्सएप चैट से आरोपी सट्टेबाजों से बातचीत कर रहा था जो पुलिस को आरोपी के मोबाइल से बरामद हुई है। पुलिस को आरोपी के पास से हिसाब के पर्चे मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सिर्फ एक ब्रोकर जब इतने ज्यादा सट्टेबाजों के संपर्क में था तो बुकीज और अन्य ब्रोकर जिले में कितने सट्टेबाजों के संपर्क में होंगे।

गारंटी लेता है आशीष
आशीष ने पुलिस को बताया कि सट्टे का काम उधार होता है। वह ऑनलाइन कनेक्शन करके लोगों को जोड़ता है। उनकी लिमिट भी वही खुलवाता है। आशीष ने बताया कि वहां से ओटीपी मिलने के बाद लिमिट खुल जाती है। लोग 25, हजार से अधिक की लिमिट खुलवाते हैं। अधिकांश लोग एक लाख रुपये तक की लिमिट खुलवाते हैं। इसमें उसे दो प्रतिशत कमीशन मिलता है।

छात्रों और युवाओं की अधिक है रिकार्डिंग
पुलिस ने बताया कि बुकीज और ब्रोकर अधिकांश छात्रों और युवाओं को लालच देकर सट्टा लगवाते हैं। आशीष के मोबाइल से बरामद की गई कॉल रिकार्डिंग और चैट अधिकांश छात्रों और युवाओं की हैं। ये लोग पैसा कमाने की होड़ में आईपीएल सट्टे की ओर बढ़ रहे हैं। सट्टा खेलने वाले युवाओं में अधिकांश संजयनगर, मॉडल टाउन, राजेन्द्र नगर, बड़ा बाजार आदि इलाकों के हैं।

“पुलिस ने सट्टा लगवाने वाले आशीष नाम के एक ब्रोकर को गिरफ्तार किया है। उसने पांच बुकीज के नाम भी पुलिस को बताए हैं। बुकीज के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। बुकीज की तलाश में पुलिस जुटी है।” -शितांशु शर्मा, इंस्पेक्टर बारादरी

संबंधित समाचार