लखनऊ में एक बार फिर धंसी सड़क, PWD ने कराई बैरिकेडिंग, नगर निगम ने शुरू कराई खुदाई

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: नगर निगम, मेट्रो कारपोरेशन और जलकल की लापरवाही से सड़कों के धंसने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार शाम हजरतगंज से परिवर्तन चौराहे को जाने वाली मुख्य सड़क हलवासिया के सामने धंस गई। इसकी वजह नाली के पानी का रिसाव बताया गया है। सड़क की मरम्मत के लिए काम शुरू कर दिया गया है। दो महीने में सड़क धंसने की यह चौथी घटना है।

राजधानी के पॉश इलाके हजरतगंज से परिवर्तन चौराहे को जाने वाली मुख्य सड़क हलवासिया के सामने शुक्रवार शाम करीब एक मीटर धंस गई। इससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। जानकारी मिलने पर लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशाषी अभियंता सत्येन्द्र नाथ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बैरिकेडिंग कराकर धंसे हिस्से की गहन से जांच की। घटना की जानकारी नगर निगम और मेट्रो कारपोरेशन को भी दी गई। मौके पर पहुंची नगर निगम की टीम ने खुदाई का कार्य शुरू कर दिया है। सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके पहले राजधानी में चार जगह सड़कें धंस चुकी हैं।

HAZRATGANJ

नाली में जल रिसाव से धंसी सड़क: PWD
पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता (मध्य क्षेत्र) विजय कन्नौजिया ने बताया कि हलवासिया पुलिस चौकी के सामने करीब एक मीटर चौड़ा गड्ढा हो गया है। नगर निगम की टीम ने खुदाई की तो नाली से जल रिसाव होता मिला। इससे करीब एक मीटर चौड़ाई में कैविटी बनने से धंसाव हुआ। नगर निगम ने जल रिसाव वाले स्थान पर मरम्मत शुरू करा दी है।

मेट्रो की नाली क्षतिग्रस्त होने से सड़क धंसी: नगर निगम
नगर निगम ने कहा कि सड़क के नीचे लखनऊ मेट्रो की नाली के क्षतिग्रस्त होने से सड़क धंसी है। अपरिहार्य स्थिति को देखते हुए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। नगर निगम ज़ोन-1 के अधिशासी अभियन्ता किशोरी लाल की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची। नाली में छेद होने से पानी का रिसाव हो रहा था। इस कारण ही सड़क धंसी है। जोनल अधिकारी अमरजीत सिंह की देखरेख कार्य हो रहा है। सुबोध सिंह, टीम लीडर के साथ टीम मौजूद रही।

यह भी पढ़ेः अब पार्किंग की No Tension, पर्यटकों की सहूलियत के लिए बनेगी मैकेनिकल पार्किंग

संबंधित समाचार