IPL 2020: हैदराबाद शान से प्लेऑफ में, कोलकाता बाहर
शारजाह। सनराइजर्स हैदराबाद ने (संदीप शर्मा 34 रन पर तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी और अपने सलामी बल्लेबाजों डेविड वार्नर (नाबाद 85) तथा रिद्धिमान साहा (नाबाद 58) के शानदार अर्धशतकों से चोटी की टीम मुंबई इंडियंस को करो या मरो के मुकाबले में मंगलवार को 10 विकेट से शिकस्त देकर आईपीएल के प्लेऑफ में जगह …
शारजाह। सनराइजर्स हैदराबाद ने (संदीप शर्मा 34 रन पर तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी और अपने सलामी बल्लेबाजों डेविड वार्नर (नाबाद 85) तथा रिद्धिमान साहा (नाबाद 58) के शानदार अर्धशतकों से चोटी की टीम मुंबई इंडियंस को करो या मरो के मुकाबले में मंगलवार को 10 विकेट से शिकस्त देकर आईपीएल के प्लेऑफ में जगह बना ली। हैदराबाद की इस जीत से कोलकाता नाईट राइडर्स की टीम प्लेऑफ की होड़ से बाहर हो गयी।
हैदराबाद ने मुंबई टीम को 20 ओवर में आठ विकेट पर 149 रन पर रोकने के बाद 17.1 ओवर में बिना कोई विकेट खोये 151 रन बनाकर एकतरफा जीत हासिल कर ली। कप्तान वार्नर ने 58 गेंदों पर नाबाद 85 रन में 10 चौके और एक छक्का लगाया जबकि साहा ने 45 गेंदों पर नाबाद 58 रन में सात चौके और एक छक्का लगाया।
हैदराबाद के इस जीत के बाद 14 अंक हो गए और उसने प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया। हैदराबाद और कोलकाता के एक बराबर 14-14 अंक रहे लेकिन हैदराबाद ने बेहतर नेट रन रेट के आधार पर कोलकाता को पछाड़ दिया। हैदराबाद का नेट रन रेट प्लस में रहा जबकि कोलकाता का नेट रन रेट माइनस में रहा।
मुंबई के 18, दिल्ली के 16, हैदराबाद, बेंगलुरु और कोलकाता के 14-14 अंक तथा पंजाब, चेन्नई और राजस्थान के 12-12 अंक रहे। आईपीएल में पहली बार ऐसा हुआ जब हर टीम ने कम से कम 12 अंकों का आंकड़ा छुआ।
इस जीत ने हैदराबाद को तालिका में तीसरे स्थान पर भी पहुंचा दिया। बेंगलुरु की टीम चौथे स्थान पर खिसक गयी क्योंकि उसका रन रेट भी माइनस में है। कोलकाता को इस बार पांचवां स्थान मिला। किंग्स इलेवन पंजाब छठे, चेन्नई सुपरकिंग्स सातवें और राजस्थान रॉयल्स आठवें स्थान पर रही।
प्लेऑफ में पांच नवम्बर को होने वाले पहले क्वालीफायर में शीर्ष टीम मुंबई का मुकाबला दूसरे नंबर की टीम दिल्ली कैपिटल्स से होगा और इस मैच की विजेता टीम 10 नवम्बर को होने वाले फाइनल में पहुंच जायेगी। छह नवम्बर को होने वाले एलिमिनेटर में हैदराबाद का मुकाबला बेंगलुरु से होगा। क्वालीफायर एक की पराजित टीम का एलिमिनेटर की विजेता टीम के साथ दूसरे क्वालीफायर में आठ नवम्बर को मुकाबला होगा और इस मैच की विजेता टीम फाइनल में पहुंचेगी।
