Hamirpur Murder: गला घोंटकर महिला की हत्या...पैरोल पर चल रही थी, घटनास्थल से शराब की शीशी बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में महिला की हत्या से फैली सनसनी

हमीरपुर, राठ, अमृत विचार। सरीला कस्बे के गुरुदेवपुरा मुहाल निवासी 40 वर्षीय तलाकशुदा महिला का शव उसी के घर से संदिग्ध हालत में मिला है। नाक से खून निकलने पर गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव के पास शराब की खाली शीशी पुलिस ने बरामद की है। मृतक महिला हत्या के प्रयास में जेल से पैरोल पर थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। दुष्कर्म की आशंका के चलते स्लाइड भी बनाई है।

गुरुदेवपुरा मुहाल निवासी रघुवीर ने शुक्रवार को बताया कि उसकी चचेरी बहन सावित्री (40) संदिग्ध हालत में अपने कमरे में मृत अवस्था में पड़ी है। उसके नाक से खून निकला है। जिस पर गला घोंटकर हत्या किए जाने का आशंका जताई है। बताया कि वर्ष 2003 में सावित्री की शादी विवेक यादव निवासी करहरा कला थाना महोबा के साथ हुई थी। 

पति-पत्नी में विवाद के बाद से सावित्री अपने पिता राम प्रसाद के साथ मायके में रहती थी। वह अपने माता-पिता की अकेली संतान थी। माता-पिता की मौत के बाद से चचेरा भाई रघुवीर उसकी देखभाल करता था तथा उसकी पैतृक जमीन भी वह बटाई पर लिए था। 

बताया कि 2015 में एक निजी नलकूप पर महिला से विवाद में सावित्री ने उसे पर तमंचे से फायर कर दिया था। जिसमें गोली लगने से वह घायल हुई थी। पीड़ित महिला की तहरीर पर सावित्री के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था और वह जेल गई थी। लगभग दो साल जेल काटने के बाद पेरोल पर थी। सीओ घनश्याम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की गला घोंटकर हत्या की बात सामने आ रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। दुष्कर्म की जांच के लिए स्लाइड बनाई गई है। थानाध्यक्ष जरिया भरत कुमार ने बताया कि रघुवीर की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। घटना की जानकारी लगते ही फील्ड यूनिट टीम व अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता ने घटना की जानकारी ली है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में बारिश होने से पहले दिन का मैच समाप्त...बांग्लादेश ने 35 ओवर में 107/3 रन बनाए

 

संबंधित समाचार