कांग्रेस के संविधान सम्मान समारोह में आपस में भिड़े कार्यकर्ता : भगदड़ के दौरान फेंकी गई कुर्सियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार : कांग्रेस की ओर से आयोजित फूलपुर विधानसभा के सहसों में संविधान सम्मान समारोह के दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के सामने कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गे। उस दौरान जमकर मारपीट और हाथापाई हुई। 

रविवार को सहसों के लाला बाजार में कांग्रेस के संविधान सम्मान समारोह व जन सभा आयोजित की गई। जिसमें मुख्य अतिथि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार में महिलाएं असुरक्षित हैं। महंगाई और बेरोजगारी अपनी सीमा पार कर रहा हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है।

अविनाश पांडेय ने कहा कि यूपी में बुलडोजर और फर्जी एनकाउंटर से संविधान को कुचला जा रहा है।  लेकिन कांग्रेस पार्टी इसे कत्तई बर्दाश्त नही करेगा।  डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान में समानता और सभी वर्गों को न्याय दिलाने के लिए अधिकार दिया गया हैं। जिसकी रक्षा करने के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता अपनी जान की बाजी लगा देगा। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि देश में ओबीसी, दलित और आदिवासी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जाति जनगणना को कराना बहुत जरूरी है। कार्यकर्ता बूथ स्तर पर मजबूती बनाएं जिससे आने वाले फूलपुर विधानसभा उपचुनाव में गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ सके। हम राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का संदेश सभी तक पहुंचाने आएं है। राष्ट्रीय महासचिव राजेश तिवारी ने कहा कि फूलपुर उपचुनाव सहित पूरे प्रदेश में मजबूती के साथ लड़ेंगे। संविधान को बचाने के लिए जान की बाजी लगा देंगे।

कार्यक्रम को सांसद अमेठी किशोरी लाल शर्मा, सांसद प्रयागराज उज्जवल रमण सिंह, विधायक मोना मिश्रा, शेखर बहुगुणा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष सुरेश यादव ने अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। मौके पर मनीष मिश्र, मकसूद खान, संजय तिवारी, रामकिशुन पटेल, देवराज उपाध्याय, अशफाक अहमद, हलीम अंसारी, मुकुंद तिवारी, हरकेश तिवारी, गुलाब यादव, इमरान खान, इश्तियाक अहमद, प्रदीप मिश्रा, अंशुमन, अरुण तिवारी रहे।

जनसभा मे भिड़े कार्यकर्ता, मारपीट

सहसों में आयोजित कांग्रेस के संविधान सम्मान समारोह में  भगदड़ मच गई। फूलपुर उपचुनाव के दावेदारों के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। फूलपुर विधानसभा के उप चुनाव की इस सीट पर कांग्रेस ने दावेदारी ठोकने के लिए कई दावेदार लगे है। रविवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय की सामने दावेदारों के समर्थकों में मारपीट हो गई।। दोनों तरफ से लात, घूंसे के साथ कुर्सियां चलने लगीं। इससे सभास्थल पर भगदड़ मच गई। कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना मंच से उतकर बीच बचाव के लिए पहुंची। आराधना ने दोनों पक्षों को किसी तरह से शांत  कराया  इसके बाद मामला शांत हुआ।

संबंधित समाचार