लखीमपुर खीरी : सुंदरनगर में ढहाया   मकान, नपं अध्यक्ष पति समेत आठ नामजद 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस ने 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज 

 लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: थाना भीरा पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष पति समेत आठ लोगों को नामजद करते हुए 20 लोगों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष पति ने अपने साथियों के साथ अनुसूचित जाति के युवक का घर ढहा दिया। पुलिस ने मकान मालिक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

गांव सुंदरनगर टागियां निवासी अक्लू प्रसाद ने बताया कि वह अनुसूचित जाति का है। दो दिन पहले भीरा नगर पंचायत अध्यक्ष पति संजय शुक्ला ने उसे अपने निवास पर बुलाया और घर गिराने का दबाव बनाने लगे। उसने जब घर गिराने से इंकार किया तो वह भड़क गए। उसके साथ गाली गलौज की। खूब अपशब्द कहते हुए कहा कि तुझे इज्जत हजम नहीं होती है। घर गिरा ले, नहीं तो हम भीरा से आदमी भेज कर कुछ गाँव वालो को लेकर तेरा घर तोड़ देंगे। इतना कहकर उसे घर से भगा दिया।

पीड़ित ने बताया कि रविवार की रात करीब नौ बजे गांव के कुछ लोगों की सहमति से संजय शुक्ला के साथ, महेश गुप्ता, किसन, मंजू, मदन, जोधा, रामनाथ, प्रदीप करीब 20 अज्ञात लोगों के साथ उसके घर पर आ धमके। आरोपियों के हाथ में भाला, लाठी-डंडा, सब्बल आदि था। आरोपी सीढ़ी लगाकर उसके मकान के ऊपर चढ़ आए और जबरन घर तोड़ दिया।

जब उसने विरोध करने की कोशिश की तो टुकड़े टुकड़े कर जान से मार देने की धमकी दी। घर वालो को भी काफी डराया धमकाया। अधिशासी अधिकारी से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मेरे संज्ञान में ये घटना नहीं है। और न मैने तोड़ने का कोई आदेश दिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है

संबंधित समाचार