Barabanki News: किशोरी मौत प्रकरण में एक एसआई समेत चार सस्पेंड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नो इंट्री के बावजूद नगर में घुस गई ट्रक

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। पुलिस अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभाती तो हादसा टल सकता था। सवाल यह है कि जब नो इंट्री लगी हुई थी तो जुलूस वाले रास्ते पर ट्रक कैसे आ गया। बहरहाल हादसे का जिम्मेदार मानते हुए एसपी ने एसआई के अलावा तीन अन्य पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने पर परिजनों ने अंतिम रस्म निभाई।

जानकारी के अनुसार जनपद सीतापुर के थाना रामपुर मथुरा ग्राम नटनीय निवासी मोहम्मद इश्तियाक करीब 3 माह से कस्बा रामनगर निवासी रहीम ठेकेदार के घर किराए पर रहकर मजदूरी करते हुए बच्चों को पढ़ा रहे हैं। सोमवार की रात बारह रबी उल अव्वल के चलते झंडा जुलूस निकाला गया, इस दौरान कस्बे में जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसकी वजह से बदोसरांय की ओर से व रामनगर तिराहा से नगर के अंदर आने वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया।

इसी बीच इश्तियाक की पुत्री शमा झंडा जुलूस कार्यक्रम देखकर अपनी दिशा जा रही थी कि उपाध्याय मोड़ के पास बदोसरांय की ओर से आ रहे ट्रक यूपी 33 टी 5637 ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां पर जांचोपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक कब्जे में ले लिया।

वहीं पीड़ित की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर जांच की जा रही। उधर घटना की जानकारी होते ही धीरे-धीरे काफी संख्या में लोग कस्बे में जमा हो गए और लापरवाही पर कार्रवाई की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, सीओ फतेहपुर जगतराम कनौजिया, एसडीएम पवन कुमार ने घटनास्थल पहुंचकर लोगों को समझा बुझा कर वापस भेजा।

उधर आज इस घटना में लापरवाही सामने आने के बाद एसआई धर्मेंद्र सिंह राठौर समेत अलग अलग हल्के के सिपाही जयचंद, ओमप्रकाश व दिनेश पाल को सस्पेंड कर दिया गया। हादसे के मद्देनजर आज होने वाला मुशायरा टाल दिया गया है।

ये भी पढ़ें- बाराबंकी: जुलूस से वापस आ रही बालिका को ट्रक ने रौंदा, मौत

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज