बरेली:अवैध खनन...रायल्टी कहीं की मिट्टी की खोदाई कहीं और

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसडीएम सदर ने रामगंगा किनारे की छापेमारी, मची भगदड़

बरेली,अमृत विचार। सदर तहसील क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं। प्रशासन की सख्ती के बाद भी खनन का काम रुक नहीं रहा है। मंगलवार को सूचना पर एसडीएम सदर ने खनन अधिकारी के साथ छापेमारी की। टीम को देखकर खनन कर रहे लोग भाग निकले, जबकि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर मिली है। प्रशासन ने उसे सीज करा दिया है। मामले में लेखपाल से रिपोर्ट मांगी गई है।


एसडीएम सदर गोविंद मौर्य ने बताया कि कई दिनों से रामगंगा किनारे अवैध खनन की सूचनाएं आ रही थीं, लेकिन टीम को मौके पर भेजने पर लोग पहले ही भाग जाते थे। मंगलवार को खनन अधिकारी मनीष के साथ मौके पर छापेमारी की। बताया कि टीम के पहुंचने से पहले ही कई लोग वाहनों को लेकर भाग गए। हालांकि, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर मिली। बताया कि जांच में सामने आया कि मिट्टी की खोदाई के लिए रायल्टी दूसरे जगह की थी, जबकि गाटे कहीं और के खोदे गए। दस्तावेज पर ट्रैक्टर का नंबर था, लेकिन मौके पर मिला ट्रैक्टर बिना नंबर का ही था। जिस चालक का नाम दिया गया था, मौके पर वो भी नहीं था। एसडीएम के मुताबिक कोहनी प्रतापुर और चौबारी की सीमा पर खनन हो रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज करा दिया गया है। लेखपाल से मामले में रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार