बहराइच: तेंदुए के हमले में बुजुर्ग महिला घायल, मच्छरदानी में सो रही थी महिला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। जिले के सुजौली गांव में आधी रात को तेंदुआ पहुंच गया। उसने मच्छरदानी में सो रही महिला पर हमला कर घायल कर दिया। उसे एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया है। महिला का इलाज चल रहा है।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजोली रेंज के ग्राम पंचायत सुजौली के मजरा अयोध्या पुरवा गांव में तेंदुआ के हमले का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार रात 12 बजकर 10 मिनट पर घर के अंदर मच्छरदानी लगाकर सो रही बुजुर्ग महिला रहमाना पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में बुजुर्ग महिला घायल हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर शोर मचाया। जिससे तेंदुआ खेत की ओर चला गया। 

सूचना पाकर पास के ही गांव में गश्त कर रही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। महिला को एंबुलेंस से सीएचसी मोतीपुर में भर्ती कराया गया है। बुजुर्ग महिला के पुत्र शरीफ सहित काफी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने वन विभाग से  पिंजड़ा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। 
क्षेत्रीय ग्रामीण के मुताबिक पिछले 5 दिनों में तेंदुए का यह दूसरा हमला है। इससे पहले भी एक बालिका पर तेंदुआ हमला कर चुका है जिसका इलाज लखनऊ मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है। तेंदुए के हमले की सूचना पाकर मौके पर ग्राम प्रधान सुजौली राजेश गुप्ता,राजू,राम सिंह, राम नेवल प्रजापति के साथ काफी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद है।

ये भी पढ़ें- बहराइच: बंद ट्रामा सेंटर पर हाईकोर्ट ने किया जवाब तलब, 17 अक्टूबर को होगी सुनवाई

संबंधित समाचार