पीलीभीत: पुराने किराएदार की नियत में था खोट, मालिक मकान पिंडदान को गया इधर 16 लाख के जेवर हुए पार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

चोरी की घटना को अंजाम देने वाला पुराना किराएदार पकड़ा गया

पीलीभीत, अमृत विचार। आजकल किराएदार का भी कोई भरोसा नहीं। वो भी ऐसा किराएदार जो आपका घर छोड़कर जा चुका है। उसे आपके घर का कोना-कोना मालूम होता है। इस तरह के किराएदार की नियत में खोट हो आपके पीछे में घर के अंदर सेंध लगने की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसा ही कुछ हुआ पीलीभीत के रेडीमेड कपड़ा व्यापारी के साथ। जिसके मकान से सोलह लाख कीमत के जेवरात पुराने किराएदार ने चोरी किए थे। घटना को अंजाम देने से पहले रेकी की गई और फिर मौका मिलते ही चोरी कर डाली।
  
घटना सुनगढ़ी क्षेत्र के पॉश बल्लभ नगर कॉलोनी में हुई थी। 29 सितंबर को कॉलोनी के निवासी रेडीमेड कपड़ा व्यापारी अक्षित गुप्ता अपनी मां सीमा गुप्ता के साथ पिंडदान करने के लिए बिहार के गया चले गए थे।  घर पर उनकी पत्नी कोमल गुप्ता अकेली थी। रात करीब 12 बजे वह खाना खाकर सोने चली गई। दूसरे दिन 30 सितंबर को आंख खुली को एक कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। सोलह लाख कीमत के जेवरात चोरी हो चुके थे। एसपी अविनाश पांडेय ने खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की थी। जांच के बाद पुलिस ने कानपुर देहात के थाना रुरा क्षेत्र के ग्राम अन्दाया के रहने वाला पंकज कुमार पुत्र देवेंद्र सिंह को पकड़ा। जोकि वर्तमान में मुरादाबाद जनपद के छजलैट थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर बिश्नोई गांव में रह रहा था। आरोपी की बरहा अंडरपास से गिरफ्तारी की गई। उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात भी बरामद हो गए। आरोपी पीड़िता के मकान में किराए पर रह चुका है। एएसपी विक्रम दहिया ने प्रेसवार्ता कर खुलासा किया। जिसके बाद आरोपी को चालान कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।

संबंधित समाचार