सगुन हत्याकांड: अबोध बेटी की हत्या करने वाली मां गिरफ्तार, सेफ्टी टैंक में मिला था बच्ची शव

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोंडा, अमृत विचार। गोंडा जनपद के परसपुर थाना क्षेत्र के अभईपुर गांव के मजरे मेहरबानपुरवा की रहने वाली सीताराम गौतम की 8 माह की मासूम पोती सगुन की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्यारिन मां को गिरफ्तार किया है। सगुन बीते शनिवार की रात रहस्यमय हालत में बिस्तर से गायब हो गयी थी। 

सोमवार को उसका शव घर के पीछे बने सेफ्टी टैंक में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सगुन की डूबकर मौत होने की पुष्टि हुई थी लेकिन मां के साथ सो रही मासूम सगुन बिस्तर से टैंक तक कैसे पहुंची पुलिस इसकी जांच में जुटी थी। बृहस्पतिवार को घटना का खुलासा करते हुए परसपुर पुलिस ने हत्यारिन मां को गिरफ्तार कर लिया।
 
परसपुर थाना क्षेत्र के अभईपुर गांव के मजरे मेहरबानपुरवा में बीते शनिवार को सीताराम गौतम की 8 महीने की पोती सगुन रहस्यमय तरीके से बिस्तर से लापता हो गयी थी। मासूम के लापता होने से गांव में हड़कंप मच गया था। परिवार और गांव के लोगों की शंका थी किसी जंगली जानवर ने मासूम को अपना निवाला बना लिया है। 

3

पुलिस व वन विभाग की टीमें मासूम की तलाश में जुटी थी लेकिन लापता मासूम का सुराग नहीं लग रहा था। सोमवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की पड़ताल के बाद मासूम सगुन का शव उसके घर को पीछे बने सेफ्टी टैंक से बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मासूम के मौत की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से ही पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी थी।

पुलिस ने जब परिवार के लोगों का बयान लिया तो सभी के बयानों में विरोधाभास दिखा। जांच के दौरान मृतका के मां की भूमिका संदिग्ध मिली थी। बुधवार को पुलिस ने सीताराम गौतम की तहरीर पर मृतका सगुन की मां जगमती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया था और उससे पूछताछ में जुटी थी। पुलिस पूछताछ नें जगमती ने अपनी बेटी की हत्या का जुर्म कुबूल किया था।

पति के ताने से परेशान होकर बेटी को उतारा था मौत के घाट 

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि जगमती का पति माताफेर रोजी रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहता है। एक साल से उसका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। बेटी के जन्म पर भी वह गांव नहीं आया था। जगमती के मुताबिक माताफेर बेटी के जन्म को लेकर उसे ताना देता था। घटना वाली रात भी माताफेर व जगमती के बीच फोन पर विवाद हुआ था।  

पति की बात से आक्रोशित जगमती आपा खो बैठी और उसने अपनी मासूम बेटी को जिंदा ही सेफ्टी टैंक में फेंक दिया। कुछ देर बाद उसने घर वालों को बताया कि सगुन बिस्तर गायब हो गयी है। आशंका जतायी कि सगुन को कोई जंगली जानवर उठा ले गया है। इस पूरे मामले की पड़ताल के बाद जगमती के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- अमेठी: तेज रफ्तार पिकअप पलटने से 16 लोग हुये घायल, SP-DM ने सभी घायलों की ली जानकारी

संबंधित समाचार