लखीमपुर खीरी: मेले में प्रेमिका के साथ घूम रहा था ग्राम विकास अधिकारी, पत्नी ने देखा तो हो गया बवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विरोध करने पर पत्नी ने लगाया ग्राम विकास अधिकारी पर मारपीट का आरोप

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जिले के एक ग्राम विकास अधिकारी को उसकी पत्नी ने रामलीला मेले में घूमते पकड़ लिया। पत्नी का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो पति ने उसके बाल पकड़कर पिटाई कर दी। पीड़ित पत्नी ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।


महिला थाने में दी गई तहरीर में पीड़ित महिला ने कहा है कि उसके पति धीरज राना ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं। रविवार की शाम वह मेला देखने गई थी। मेला घूमते समय उसके पति अपनी प्रेमिका के साथ घूमते मिल गए। उसने जब इसका विरोध किया तो दोनों के बीच जमकर नोकझोंक होने लगी। आरोप है कि गुस्साए धीरज ने उसके बाल पकड़ लिए और मारना पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह से उसे बचाया। जान से मारने की धमकी देते हुए पति अपनी प्रेमिका के साथ मौके से भाग निकला। पीड़ित महिला ने पति और उसकी प्रेमिका के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

संबंधित समाचार