रायबरेली: संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में लटकता मिला युवक का शव, हत्या का आरोप 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दादी ने सौतेली मां पर लगाया हत्या का आरोप

खीरों/रायबरेली, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव पैनासी मजरे गहरी गांव में गुरुवार दीपावली की दोपहर को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव कमरे में लगे पंखे के हुक से साड़ी के सहारे लटकता मिला। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की दादी ने सौतेली मां पर युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक की दादी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। 

पैनासी निवासी मृतक विपिन कुमार लोधी (19) के पिता कृष्ण कुमार लोधी ने बताया कि उसकी पहली पत्नी बिटई की मौत लगभग 17 वर्ष पहले हो गई थी। लगभग 9 वर्ष पहले उसने संगीता देवी से कोर्ट मैरिज किया था। संगीता देवी अपने साथ एक बेटी पायल (17) को लेकर आई थी। जबकि संगीता और कृष्णकुमार की एक संतान सचिन (8) है। पहली पत्नी बिटई से विपिन कुमार और अल्पना दो संताने थी।

विपिन घर पर सौतेली मां संगीता और दादी राम दुलारी के साथ रहता था। बेटी अल्पना खरगापुर निवासी अपने मामा बीरू और सरवन के पास रहती थी। वह स्वयं चंडीगढ़ में मजदूरी करता था। गुरुवार को दोपहर लगभग दो बजे उसे घटना की सूचना मिली।

मृतक की सौतेली मां संगीता देवी ने बताया कि वह गुरुवार को लालगंज गई थी। लगभग डेढ़ बजे वापस आने पर विपिन का शव कमरे में लगे पंखे के हुक से साड़ी के सहारे लटकता मिला। जबकि दादी राम दुलारी का आरोप है कि उसके पोते विपिन कुमार की सौतेली मां संगीता देवी ने हत्या कर दी है। दादी राम दुलारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

प्रभारी निरीक्षक बालेन्दु गौतम ने बताया कि मृतक की दादी की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दादी ने मौखिक रूप से सौतेली मां पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना की जांच की जा रही है। शिकायती पत्र मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Raebareli News : Auto Parts की दुकान में लगी आग, तीन Bikes जली

संबंधित समाचार