कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव : सपा भाजपा में जारी है वाक युद्ध, एक दूसरे पर लगा रहे आरोप प्रत्यारोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के सपा पर परिवारवाद व जाति धर्म की राजनीति के आरोप पर सपा नेता ने किया पलटवार, मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंदरकी विस उपचुनाव के प्रभारी ने कहा भाजपा पहले अपने अंदर झांके

जनता को मूल मुद्दों से भटकाने का भाजपा पर लगाया आरोप, कहा कुंदरकी की जनता फिर सिखाएगी भाजपा को सबक

मुरादाबाद, अमृत विचार। कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव में हर कीमत पर जीत के लिए भाजपा व सपा में वाकयुद्ध चल रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व अन्य नेताओं के द्वारा सपा मुखिया पर परिवारवाद और धर्म व जाति की राजनीति करने के आरोप पर अब समाजवादी पार्टी के नेताओं ने पलटवार किया है। समाजवादी पार्टी में मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंदरकी विस उपचुनाव के प्रभारी सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि भाजपा पहले अपने अंदर झांके। भाजपा खुद परिवारवाद की राजनीति करती है।

30 अक्टूबर को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कुंदरकी क्षेत्र के एक बैंक्वेट हाल में पार्टी की ओर से आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा था कि सपा हमेशा निगेटिव एजेंडा प्रसारित कर मतदाताओं का वोट लेने में लगी रहती है। समाज को बांटने के लिए धर्म और जाति के नाम पर राजनीति करने वालों को कुंदरकी की जनता ने इस बार नकारने का मन बना लिया है। उन्होंने सपा व कांग्रेस पर परिवारवाद को बढ़ाने का आरोप लगाया था। कहा था कि अखिलेश यादव मुलायम सिंह की विरासत को बढ़ा रहे हैं।

अब सपा नेता भाजपा के आरोपों पर हमलावर हैं। मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंदरकी विस उपचुनाव के प्रभारी सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि भाजपा पहले अपने अंदर झांके। उन्होंने भाजपा पर जनता को मूल मुद्दों से भटकाने का आरोप लगाया। कहा कि इस बार कुंदरकी की जनता फिर भाजपा को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि जुमलेबाजों को जनता ने लोकसभा चुनाव में सबक दिया था। अब उपचुनाव में भी यही परिणाम सामने आएगा।

वहीं सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव का कहना है कि मुरादाबाद सहित कई अन्य जगहों पर कई चुनावों में भाजपा नेताओं के बेटों व परिवार वालों को टिकट दिया जा चुका है। लेकिन, सपा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। क्योंकि इन वर्गों को किसी अन्य राजनीतिक दलों में कोई महत्व नहीं दिया जा रहा है। भाजपा की फिर कुंदरकी में बड़े अंतर से हार होगी।

ये भी पढे़ं : दिवाली की आतिशबाजी से जहरीली हुई मुरादाबाद की हवा, देश के कई सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में शामिल हुआ महानगर

संबंधित समाचार