बरेली: सीवर लाइन से खराब तीन सड़कें सात दिन में बनाएगा जल निगम
बरेली, अमृत विचार। ट्रंक सीवर लाइन कार्य बंद करने के बाद अब जल निगम गड्ढों में तब्दील सड़कों को बनाने का कार्य तेज कर दिया है। दीपावली तक शहर की सड़कें चकाचक करने की योजना है। इसके लिए विभाग ने शहर की तीन सड़कों को सबसे पहले बनाने की लक्ष्य निर्धारित किया है। पिछले सप्ताह …
बरेली, अमृत विचार। ट्रंक सीवर लाइन कार्य बंद करने के बाद अब जल निगम गड्ढों में तब्दील सड़कों को बनाने का कार्य तेज कर दिया है। दीपावली तक शहर की सड़कें चकाचक करने की योजना है। इसके लिए विभाग ने शहर की तीन सड़कों को सबसे पहले बनाने की लक्ष्य निर्धारित किया है। पिछले सप्ताह जल निगम ने दीपावली को देखते हुए ट्रंक सीवर लाइन का कार्य रोक दिया था।
वहीं, ट्रंक सीवर लाइन डालने के कार्य के कारण सड़कों पर गहरे गड्ढे खोदे जाने से श्यामगंज, कालीबाड़ी, बरेली कालेज गेट, नगर निगम रोड, चौपुला रोड, मालगोदाम, पुलिस लाइन, सिविल लाइन की सड़क खराब हो चुकी है। जिस सड़क पर सीवर लाइन बिछाने के लिए गड्ढे खोदे जाएंगे वहां सड़क भी फर्म को जल निगम की देखरेख में बनानी है।
इसे देखते हुए जल निगम ने पुलिस लाइन रोड की सड़क को खोदकर ट्रंक सीवर लाइन का कार्य किया था। इसका कार्य पूरा हो गया है। सिविल लाइन की सड़कों को फिर से चकाचक करने का काम रविवार को शुरू कर दिया गया है जबकि मालगोदाम रोड पर कार्य भी चल रहा है। सेटेलाइट से श्यामगंज की सड़क बनाने के लिए पहले सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढों को रेत, बजरी और सीमेंट से पाटने का कार्य इसी सप्ताह पूरा कर लिया जाएगा।
विभाग का दावा है कि दीपावली के पहले इस सड़कों को बना लिया जाएगा पर कालीबाड़ी रोड पर ट्रंक लाइन का कार्य पूरा न होने की वजह से अभी लोगों को इंतजार करना होगा। इसके लिए सड़क पर गिराई गई मिट्टी को ठीक से सेट होने में अभी समय लगेगा। इसके बाद कालीबाड़ी से चौपुला तक सड़क निर्माण किया जाएगा।
लालफाटक की सड़कों पर चलना मुश्किल
लालफाटक के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज की सड़क पर चलना दूभर हो गया है। एक तरफ पुल के अटकने से लोग परेशान हैं तो दूसरी तरफ सड़क पर जगह-जगह गड्ढों से हिचकोले सहने पड़ रहे हैं। बदायूं जाने वाले लोगों के लिए यह सड़क सुविधाजनक मानी जाती है लेकिन इन दिनों तो सड़क पर बने गड्ढों से हादसे का भय सता रहा है। ओवरब्रिज निर्माण की वजह से राहगीर धूल के गुबार से परेशान हैं। एक तरफ से शुरू हुआ काम भी लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। इसके कारण आसपास के दुकानदारों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सर्विस रोड पर जगह-जगह बने गड्ढों से रोजाना हजारों लोगों का शहर आना-जाना होता है। इसकी शिकायत भी सांसद धर्मेन्द्र कश्यप ने विभागीय अफसरों से की है। इसके बाद भी अधिकारी निर्माणाधीन पुल की सड़क पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसके चलते रोजाना कांधरपुर, बुखारा, चौबारी, बभिया, रामगंगा, उचौरिया, चनेहटी, परगवां, झील गौटिया, अभयपुर समेत अन्य गांवों के लोगों को शहर में आने-जाने में परेशानी हो रही है।
