रामपुर : मामूली बात पर वृद्धा की लाठियों से पीटकर हत्या, आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

रामपुर/सैफनी, अमृत विचार। डीजल को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार दोपहर को दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। जिसमें वृद्धा सहित पांच लोग घायल हो गए। सभी को शाहबाद सीएचसी  में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल वृद्धा को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। उपचार के दौरान वृद्धा अफसरी की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उसके बाद  पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने 8 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

सैफनी थाना क्षेत्र किशनपुर निवासी अमजद का कहना है कि गांव में ही आरोपी पक्ष का ताहिर दुकान चलाता है। दोपहर डीजल खरीदने के लिए अमजद उसकी दुकान पर गया था। जहां उसका ताहिर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए थे। गाली-गलौज के साथ ही जमकर लाठी डंडे चले थे। जिसमें दोनों पक्षों के 6 लोग घायल हो गए थे। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहु्ंच गई थी। उसके बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसमें  60 वर्ष की अफसरी भी शामिल थी।जहां हालत गंभीर होने पर अफसरी को  उपचार के लिए  शाहबाद सीएचसी  से जिला अस्पताल भेज दिया था। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अफसरी की मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 8 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को पकड़ लिया है। जहां उससे पूछताछ की जा रही है। जानकारी मिलने के बाद  पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र भी मौके पर पहुंच गए। 

मारपीट के दौरान मची थी भगदड़
लोगों का कहना है कि डीजल खरीदने को लेकर गुरुवार रात को विवाद हो गया  था। उस समय मामले को लोगों ने शांत करा दिया था। उसी बात को लेकर दोपहर में फिर से दोनों पक्षों के  लोग आमने-सामने आ गए थे। जिसके बाद जमकर लाठी डंडे चले। जिससे मौके पर भगदड़ मच गई,लोगों ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन लोग बीच बचाव नहीं कर सके। काफी देर तक अफरा-तफरीका  माहौल बना रहा था।

यह लोग हुए घायल
एक पक्ष, ताहिर इनकी पत्नी समीना, लड़का तैयब लड़की जैबुन  घायल हो गई थीं। जबकि दूसरे पक्ष की अफसरी पत्नी शहादत, अमजद घायल हो गया था। अफसरी की मौत हो गई।

दो पक्षों में मामूली बात को लेकर हुए विवाद में उपचार के दौरान  60 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। इस मामले में  8 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। - महेंद्रपाल सिंह, इंस्पेक्टर थाना सैफनी

ये भी पढ़ें - रामपुर : पहले बनाए शारीरिक संबंध, पीएसी में भर्ती होने पर शादी से मुकरा...प्रेमिका ने पी लिया तेजाब

संबंधित समाचार