चार देशों को खूब भायी मुरादाबाद की फैशन ज्वेलरी
मुरादाबाद,अमृत विचार। पीतल के उत्पाद हो चाहें लकड़ी के खिलौने। दस्तकारों की कलाकारी के विदेशी मुरीद हो चुके हैं। इसके अलावा भी विदेशियों का जिसने खूब मन मोहा है, वह है मुरादाबादी ज्वेलरी। ज्वेलरी निर्यात के लिए यह बेहद अच्छी खबर है कि चार देशों के साढ़े तीन सौ बायर्स मुरादाबाद में बनी ज्वेलरी को …
मुरादाबाद,अमृत विचार। पीतल के उत्पाद हो चाहें लकड़ी के खिलौने। दस्तकारों की कलाकारी के विदेशी मुरीद हो चुके हैं। इसके अलावा भी विदेशियों का जिसने खूब मन मोहा है, वह है मुरादाबादी ज्वेलरी। ज्वेलरी निर्यात के लिए यह बेहद अच्छी खबर है कि चार देशों के साढ़े तीन सौ बायर्स मुरादाबाद में बनी ज्वेलरी को सर्च कर चुके हैं।
नेकलेस, ब्रेसलेट और बैंगल्स को लेकर उनके द्वारा की जा रही पूछताछ से ज्वेलरी को लेकर भी अच्छे कारोबार की उम्मीद लगने लगी है। अच्छी खबर इसलिए भी है क्योंकि मुरादाबाद में ज्वेलरी के एक मात्र निर्यातक हैं और उनके उत्पादों की चमक ने बायर्स को खूब आकर्षित किया है।
त्योहारों के अवसर पर आयोजित हुए ऑटम फेयर में बायर्स की खूब बहार आई है। नए बायर्स भी इस फेयर में अपनी मौजूदगी दर्शा रहे हैं। पुराने और बड़े बायर्स इस डिजिटल फेयर में अधिकतर स्टॉल सर्च कर उत्पादों के बारे में पूछताछ कर रहे हैं।
विदेशी मॉडल के जरिए ज्वेलरी को प्रमोट भी खूब किया जा रहा है। चार नवंबर से शुरू हुए इस फेयर का सोमवार को अंतिम दिवस था। इस दिन तक ऑस्ट्रेलिया, यूके, ब्राजील और यूएसए के बायर्स ने ज्वेलरी को लेकर काफी दिलचस्पी दिखाई है। इन चार देशों के बायर्स ने यह दिलचस्पी मुरादाबादी ज्वेलरी पर दिखाई तो यह पीतल नगरी के निर्यातक के लिए राहत भरे पल साबित हुए।
केनवे सरताज वार्ल्डवाइड के ऑनर जेपी सिंह (निर्यातक) ने बताया कि इन चारों देशों के जिन साढ़े तीन सौ बायर्स ने स्टॉल का विजिट किया, उनमें अधिकतर ने काफी दिलचस्पी भी दिखाई है। उनके स्टॉल में जो उत्पाद सजे हैं, उसमें फैसन ज्वेलरी को शामिल किया गया है। इसके जो-जो डिजाइन हैं, उन्हें काफी आकर्षक बनाने का प्रयास किया है।
यह प्रयास बायर्स के रुझान को देख सफल होते भी दिख रहे हैं। करीब पचास बायर्स ने उत्पादों के बारे में काफी पूछताछ की है। अभी ऑर्डर किसी नहीं दिया है, पर उम्मीद है कि अच्छा कारोबार इस डिजिटल फेयर के माध्यम से संभव हो सकेगा।
गहने पहनकर रैंप पर उतर रही मॉडल
ऑटम फेयर में ईपीसीएच ने मॉडल्स को भी शामिल किया है। रैंप पर यह मॉडल ज्वेलरी पहनकर उतर रही हैं। चेयरमैन रवि पासी ने बताया कि आईएचजीएफ मेले में फैशन शो से मेटल ज्वेलरी और कफ्स, बीड्स क्लच, स्लिंग बैग्स, रिसॉर्ट वियर, जूट बैग्स, स्टोल, सीक्वेंस ड्रेस, कैप, मास्क, हेयर बैंड, हॉर्न एंड बोन ज्वेलरी, फुलकारी काफ्तान और दुपट्टे, एलिगेंट स्टोल, फेस मास्क और मैक्रोम एंड जूट बैग, एम्ब्रॉएडरी स्टाल, क्लच, रिज़ॉर्ट वियर, अडा ज्वेलरी, सेमी प्रेशस गोल्ड ज्वेलरी, कपड़े, टोपी, मास्क, बाल बैंड, आभूषण, लकड़ी, धातु, मोती, नीले मिट्टी के बर्तनों, आभूषण, चमड़ा, धातु, चमड़े के बैग और जैकेट, आभूषण, बैग, चमड़े के बैग, शीतकालीन स्टोल, हेयर बैंड्स आदि काफी आकर्षक साबित हो रहे हैं।
बांस हस्तशिल्प को बढ़ाएगी ईपीसीएच
ईपीसीएच के महा निदेशक राकेश कुमार ने कहा कि बांस के उत्पादों को बढ़ाया दिया जाएगा। इससे देश में काफी लोगों को रोजगार मिलेगा। भारतीय उत्पाद विदेश में जाएंगे तो इससे मजबूती आएगी। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इससे काफी लाभ मिलेगा। बांस के बने फर्नीचर्स, फ्रेम आदि तमाम ऐसे उत्पाद हैं, जो आकर्षक और मजबूत होते हैं। उत्पाद विदेशों में पहुंचेगा तो इसे काफी पसंद भी किया जाएगा।
