शाहजहांपुर: घर में सो रहे वृद्ध की सिर कुचलकर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खुटार, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव रौतापुर कलां में गुरुवार रात घर में टीनशेड के नीचे सो रहे वृद्ध की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। एसपी और एएसपी ग्रामीण ने भी मौका मुआयना कर घटना का खुलासा कर हत्यारों को गिरफ्तार किए जाने के निर्देश। हत्या के कारणों का पुलिस पता लगा रही है।

गांव रौतापुर कलां निवासी 65 वर्षीय रामसेवक मिश्र अपने घर में बने टीनशेड के नीचे सो रहे थे। उनका बेटा आलोक मिश्र अपनी पत्नी बच्चों के साथ कमरे में सो रहा था। रात में किसी समय रामसेवक की किसी बजनदार चीज से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद हत्यारे फरार हो गए। मामले की जानकारी तब हुई जब शुक्रवार सुबह पुत्रवधू झाड़ू लगाने के लिए आई। 

ससुर का खून से लथपथ शव देख वह चीख पड़ी। इसके बाद परिवार के अन्य लोग व गांव के लोग भी मौके पर आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी राजेश एस और एएसपी ग्रामीण मनोज कुमार ने भी मौका मुआयना कर घटना का खुलासा कर हत्यारों को गिरफ्तार किए जाने के निर्देश दिए।

घर की एक दीवार छोटी है, अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्यारे दीवार फांद कर आए होंगे, फिलहाल पुलिस ने बेटे आलोक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस इस मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। एएसपी मनोज कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर मौका मुआयना करने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है, मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: हादसे में मौत के बाद रात भर सड़क के किनारे पड़ा रहा युवक का शव 

संबंधित समाचार