केजरीवाल की मौजूदगी में भाजपा के पूर्व विधायक अनिल झा AAP में शामिल...जानें क्या कहा? 

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के पूर्वांचली नेता और किराड़ी से दो बार विधायक रह चुके अनिल झा रविवार को पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। यह घटनाक्रम आप को बड़ा झटका लगने के कुछ घंटों बाद हुआ जब नजफगढ़ से उसके विधायक और परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने पार्टी छोड़ दी।

केजरीवाल ने मंडी हाउस के पास पार्टी मुख्यालय में झा का आप में स्वागत किया और उन्हें दिल्ली की राजनीति में "सबसे बड़े" पूर्वांचली नेताओं में से एक बताया। आप प्रमुख ने कहा कि वह न केवल किराड़ी में बल्कि पूरे शहर में आप को आगे बढ़ाएंगे।

पार्टी सूत्रों ने दावा किया कि झा फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में किराड़ी से मौजूदा आप विधायक की जगह ले सकते हैं। झा ने केजरीवाल की सराहना करते हुए कहा कि वह उनके व्यक्तित्व और शहर की अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले पूर्वांचली लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए आप सरकार द्वारा किए गए कार्यों से प्रभावित हैं।

आम आदमी पार्टी  के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा अनिल झा का आप में स्वागत है। अनिल झा पूर्वांचल के सबसे बड़े नेताओं में से एक माने जाते हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार से लोग शिक्षा और रोजगार के लिए दिल्ली आते हैं। जब DDA गरीबों के लिए घर बनाने में विफल रहा, तो अवैध कॉलोनियां बनाई गईं और उनमें बड़ी संख्या में पूर्वांचल के लोग रहते हैं। दोनों पार्टियों (कांग्रेस और भाजपा) ने पूर्वांचल के लोगों के साथ अन्याय किया है। जब मैं मुख्यमंत्री बना, तो पहली बार मैंने अवैध कॉलोनियों में सड़क, सीवर और पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया। हमने 1750 अवैध कॉलोनियों में से 1650 में पानी की पाइपलाइन बिछा दी है।

ये भी पढ़ें- AAP को लगा बड़ा झटका: मंत्री कैलाश गहलोत ने दिया इस्तीफा, आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ी

संबंधित समाचार