बहराइच: बाइक में जायलो ने मारी टक्कर युवक की मौत, ग्राम प्रधान घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कैसरगंज/बहराइच, अमृत विचार। कैसरगंज हुजूरपुर जाने वाले मार्ग पर कसेहरी बुजुर्ग के निकट मोटरसाइकिल सवार को पीछे से आ रही एक जाइलो कार  ने टक्कर मार दी। जिससे मोटरसाइकिल पर सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मद ताहिर पुत्र अकबाल अहमद उम्र 35 वर्ष निवासी हतिन्सा शम्सपुर व आवेश पुत्र जमाल अहमद ग्राम प्रधान हतिन्सा शम्सपुर मोटरसाइकिल पर सवार होकर कैसरगंज से चिलवरिया जा रहे थे। कैसरगंज थाना क्षेत्र के कसेहरी बुजुर्ग के पास उन्हें पीछे से आ रही एक जाइलो गाड़ी ने पीछे से ठोकर मार दी। जिसमें मोहम्मद ताहिर गंभीर रूप से घायल हो गए तथा उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। 

मोटरसाइकिल पर ही सवार  ग्राम प्रधान आवेश पुत्र जमाल अहमद भी गंभीर रूप से घायल हो गए ।उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि दुर्घटना कर भाग रही जाइलो कार को ड्राइवर समेत कब्जे मे ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : Sambhal Violence : चार मौतें, सड़कों पर आगजनी और पत्थरबाजी....तस्वीरों में देखिए खौफनाक मंजर

संबंधित समाचार