बरेली: शहर में घूम रहे टप्पेबाज, इस तरह बनाते हैं अपना शिकार
बरेली,अमृत विचार। सैटेलाइट चौराहे के पास एक टप्पेबाज को पकड़ा गया है। सपा नेता की कार को स्कूटी सवार टप्पेबाज ने रुकने का इशारा कर कार के बोनट से तेल टपकने की बात कही। सपा नेता ने टप्पेबाज को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। टप्पेबाज के पास से एक मोबाइल, ऑयल और …
बरेली,अमृत विचार। सैटेलाइट चौराहे के पास एक टप्पेबाज को पकड़ा गया है। सपा नेता की कार को स्कूटी सवार टप्पेबाज ने रुकने का इशारा कर कार के बोनट से तेल टपकने की बात कही। सपा नेता ने टप्पेबाज को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। टप्पेबाज के पास से एक मोबाइल, ऑयल और एक केमिकल की बोतल भी मिली है।
फाईक एंक्लेव निवासी हैदर अली सपा नेता हैं। वह बुधवार दोपहर को अपनी डस्टर कार से सेटेलाइट पर आए थे। नवाबगंज से ऑटो में उनका कोई सामान आया था। जब वह सामान लेकर जाने लगे तो एक स्कूटी सवार युवक आया और उसने हाथ देकर उन्हें रुकने का इशारा किया। स्कूटी सवार ने उनसे कहा कि उनकी कार के बोनट से तेल टपक रहा है और स्कूटी सवार आगे निकल गया।
उन्हें लगा कि शायद तेल टपक रहा हो लेकिन उन्होंने कार नहीं रोकी। कुछ दूर चलने पर एक लड़के ने उन्हें फिर हाथ देकर रुकने का इशारा किया। लड़के ने तेज आवाज में कहना शुरू कर दिया कि कार से तेल टपक रहा है। इस पर उन्हें टप्पेबाजी की वारदात याद आ गई और फिर उन्होंने टप्पेबाज को पकड़ लिया।
फेसबुक पोस्ट देखकर एक और पीड़ित आया सामने
सैटेलाइट पर पकड़े गए टप्पेबाज की जब हैदर अली ने अपनी फेसबुक वॉल पर पोस्ट शेयर की तो तुरंत ही वायरल हो गई। पवन विहार निवासी नरेंद्र सिंह के पास भी पोस्ट पहुंची तो वह हैरान हो गए। बुधवार की सुबह करीब 11 बजे उनके साथ भी इसी तरह की वारदात हुई थी जो इसी लड़के ने की थी।
नरेंद्र ने बताया कि वह पेंट कंपनी में काम करते हैं। वह सुबह अपने साथी आशीष जैन के साथ काम से कार से जा रहे थे। जब वह महानगर के पास पहुंचे तो लड़के ने उनसे कहा कि बोनट से तेल टपक रहा है। वह अपने साथी के साथ बोनट देखने लगे। उनके बैग पीछे रखे थे। जब वह वापस आए तो आशीष का बैग गायब था। बैग में लैपटॉप, टेबलेट, बटुआ व अन्य कागजात थे। उन्होंने कंट्रोल रूम को सूचना दी, पुलिस आयी लेकिन तब तक कोई नहीं मिला। उन्होंने इज्जतनगर थाने में वारदात की लिखित तहरीर दी है।
