कच्चा आटा-भूसी खिलाने से बहू की मौत: कानपुर में पिता ने बेटे पर लगाया बहू को प्रताड़ित करने का आरोप
कानपुर, अमृत विचार। बर्रा थानाक्षेत्र में पिता ने अपने बेटे के कृत्यों को बताते हुए बहू की जानबूझकर जान लेने का आरोप लगाया। बहू की मौत पर फूट-फूटकर रोए पिता ने बताया कि अवैध संबंध के चक्कर में बेटा बहू को प्रताड़ित करता था। उसे भूखा कमरे में कैद करके कच्चा आटा और भूसी खिलाता था। पीटने के साथ घर से निकलने नहीं देता था। इस कारण बहू बीमार पड़ती चली गई और उसकी अस्पताल में जान चली गई। बहू की मौत की सूचना भी उसने नहीं दी।
प्रकाश सैनी ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे अश्विनी सैनी की वर्ष 2009 में कल्याणपुर निवासिनी 33 वर्षीय आरती सैनी के साथ शादी हुई थी। प्रकाश सैनी का आरोप है कि अश्विनी के एक महिला रिश्तेदार से अवैध संबंध हैं। जिसके कारण शादी के दो तीन माह बाद से ही वह बहू आरती को प्रताड़ित करने लगा था। आरोप है, कि वह आरती को लेकर अपनी रिश्तेदार के यहां गुंजन विहार में रहता था।
आरोप है, कि वहां पर आरती को कैद करके भूखा रखा जाता था। खाने पीने में उसे कच्ची आटा, भूसी यहां तक गंदगी तक खिलाने का आरोप लगाया। उसके साथ गाली गलौज और मारपीट की जाती थी। आरोप लगाया कि जब बहू आरती के संतान पैदा हुई तो अस्पताल में अश्विनी की रिश्तेदार महिला ने उनकी गोद से बच्चे को छीन लिया था। प्रकाश सैनी के अनुसार वह महिला बहू आरती से खुद को भाभी बोलने का दबाव बनाती थी।
आरोप लगाया कि बेटे कि इन हरकतों के कारण परेशान हो गए। आरोप है, कि भूखा रखकर प्रताड़ित किया तो वह बीमार ही होती चली गई। तीन दिसंबर को उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चार दिसंबर को उसकी सांसे थम गईं। इस संबंध में बर्रा पुलिस ने महिला का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें मौत का कारण स्पष्ट न होने से बिसरा सुरक्षित किया गया। बर्रा थाना प्रभारी के अनुसार परिजनों की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
