'सरकार बनी तो महिलाओं, वृद्धों और दिव्यांगों को मिलेंगे हर महीने 1500 रुपए', बेगूसराय में बोले तेजस्वी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पटना/बेगूसराय। बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ही एक बड़ी राजनीतिक चाल चलते हुए आज कहा कि महिलाओं, वृद्धों और दिव्यांगों को हर महीने 1500 रुपए पेंशन के तौर पर दिया जाएगा ।

तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को अपनी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से आयोजित जनता संवाद सह कार्यकर्ता दर्शन कार्यक्रम के दौरान कहा कि कई राज्यों में महिलाओं को एकमुश्त राशि मिल रही है। अब बिहार में भी उन्होंने ऐसी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए देंगे। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा के चुनाव को लेकर प्रतिपक्ष के नेता का यह बड़ा दांव माना जा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि वर्ष 2025 में राजद की सरकार बनती है तो सभी वृद्ध, दिव्यांग और महिला को प्रत्येक महीने 1500 रुपए पेंशन के रूप में दिए जाएंगे। साथ ही हर परिवार को 200 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगा। माना जा रहा है अपनी घोषणा से तेजस्वी ने अगले साल होने वाले चुनाव के लिए अपनी पहली चाल चल दी है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 का चुनाव उनकी पार्टी जीतेगी। उपचुनाव के नतीजे से मुख्य चुनाव के नतीजे को नहीं आंका जा सकता है। उपचुनाव के जो नतीजे हैं और मुख्य चुनाव का जो नतीजा होता है उसमें अंतर होता है। हम सबको जोड़ रहे हैं, जोड़ेंगे तभी तो वोट पड़ेगा। श्री यादव ने इस दौरान एक बार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित महिला संवाद यात्रा के लिए आंवटित 250 करोड़ रुपए के बजट को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को जनता से मिलने के लिए 250 करोड़ रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री को जनता से बात करने के लिए आखिर क्यों चाहिए ढाई सौ करोड़। यह ढाई सौ करोड़ कहां खर्च होगा। यह यात्रा नहीं बल्कि भ्रष्ट अधिकारियों को भ्रष्टाचार के छूट की यात्रा है।

ये भी पढ़ें- हेमंत सोरेन ने मंत्रियों को विभागों का किया बंटवारा , गृह विभाग अपने पास ही रखा 

संबंधित समाचार