बदायूं: खेत में मिला महिला का शव, रेप के बाद हत्या की आशंका
थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव नगला भिंड के पास खेत में महिला शव, अस्त-व्यस्त थे कपड़े
मुजरिया, अमृत विचार। थाना मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव नगला भिंड के खेत में महिला का अर्धनग्न शव मिला। खेत मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सहसवन ने मौका मुआयना किया। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त थे। जिससे दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
गांव नगला भिंड के पास गांव निवासी हरी सिंह का खेत है। जिसमें उन्होंने मिर्च की फसल की है। रविवार को वह खेत पर फसल देखने के लिए गए थे। उन्होंने खेत में महिला का अर्धनग्न शव देखा। महिला बैगनी रंग की साड़ी, काले रंग के मोजे व स्वेटर पहनी थी। महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं। उम्र लगभग 40 साल रही होगी। हरी सिंह ने गांव में सूचना दी। ग्रामीणों की भीड़ लग गई। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आलाधिकारियों को सूचना दी। कुछ देर के बाद सीओ सहसवान कर्मवीर सिंह भी मौके पर आ गए। फारेंसिक टीम को बुलाया। सीओ ने ग्रामीणों से महिला के बारे में जानकारी की लेकिन किसी को महिला के बारे में पता नहीं था। मौके की स्थिति को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया है। आसपास के गांवों और थाना क्षेत्र में फोटो भेजकर महिला की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हो सकता है कि कहीं और महिला की हत्या की गई हो और शव लाकर फेंका गया हो। सीओ कर्मवीर सिंह ने बताया कि खेत में महिला का शव मिला है। पहचान नहीं हो सकी है। महिला की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
