लखीमपुर खीरी : आतंकी चौड़ा के बयानों से नेपाल सीमा की सुरक्षा सवालों के घेरे में

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

नेपाल सीमा पर हथियार व विस्फोटक छुपाने की दी है जानकारी

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार आतंकी नारायण सिंह चौड़ा ने लखीमपुर खीरी के नेपाल बार्डर पर हथियार छिपा रखे हैं। अमृतसर पुलिस ने यह दलील तीन दिन की रिमांड खत्म होने पर चौड़ा अदालत में पेश करते हुए दी। साथ ही रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग की, लेकिन कोर्ट ने मंजूरी नहीं दी। वहीं पुलिस की इस दलील से नेपाल सीमा की सुरक्षा सवालों में आ गई है। माना जा रहा है कि यह हथियार बार्डर पर स्थित पलिया अथवा तिकुनिया इलाके में हो सकते हैं। सुगबुगाहट है कि आतंकी चौड़ा मंगलवार को खीरी लाया जा सकता है। हालांकि जिला पुलिस को सोमवार की रात तक इस बाबत कोई जानकारी नहीं है।

बतादें कि चार दिसंबर को पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर श्री हरिमंदिर साहिब अमृतसर में आतंकी नारायण सिंह चौड़ा ने गोली चला दी थी। हालांकि सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के कारण उन्हें गोली तो नहीं लगी। सुरक्षाकर्मियों ने आतंकी को मौके से नारायण सिंह चौड़ा को गिरफ्तार कर लिया था। कोर्ट में रिमांड खत्म होने पर पंजाब पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करते हुए यह दावा किया था कि पूछताछ में नारायण सिंह चौड़ा ने लखीमपुर खीरी में अपने हथियार छिपा रखने की बात बताई है। पुलिस ने दस दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने तीन दिन की रिमांड स्वीकार की है। इसकी जानकारी मिलते ही खीरी पुलिस में हड़कंप मच गया। साथ ही भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लखीमपुर खीरी जिले की भारत-नेपाल सीमा खुली है और वह काफी सेंसिटिव है। पहले भी इस सीमा पर खालिस्तानी आतंकवादी पकड़े जा चुके हैं। खुली सीमा होने के कारण भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल लोग आसानी से नेपाल भाग जाते हैं। पलिया के गौरीफंटा, चंदनचौकी, संपूर्णानगर के अलावा तिकुनियां क्षेत्र में भी नेपाल बार्डर सटा हुआ है। इन इलाकों में पंजाब के तमाम लोग भी रहते हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि आतंकी पलिया या तिकुनियां क्षेत्र में अपने हथियार व विस्फोटक छुपा सकता है। इसको लेकर भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस के साथ ही खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं और वह आतंकी नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई हैं। उधर आशंका जताई जा रही है कि पंजाब पुलिस आतंकी नारायण सिंह चौड़ा को लेकर मंगलवार को लखीमपुर आ सकती है और छुपाकर रखे गए हथियार व विस्फोटक बरामद करने का प्रयास करेगी।  

खीरी हिंसा में दिखा था भिंडरावाले का कनेक्शन
तिकुनियां में 03 अक्टूबर 2021 को किसानों और पूर्व केंद्रीय गृह राज्या मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा के बीच विवाद के बाद हिंसा हुई थी। इसमें 4 किसानों और एक पत्रकार की मौत हो गई थी। इस हिंसा के दौरान एक भिंडरावाले की फोटो छपी टीशर्ट पहने एक कुछ लोगों की तस्वीरें और खालिस्तानी झंडे लहराते वीडियो और फोटो वायरल हुए थे।  

पंजाब पुलिस ने अभी इस तरह की कोई जानकारी नहीं दी है। अगर ऐसा है तो पंजाब पुलिस की मदद की जाएगी। -गणेश प्रसाद साहा, एसपी

संबंधित समाचार