बरेली: इस बार देसी दीपावली, इन स्वदेशी सामानों से बाजार गुलजार
बरेली,अमृत विचार। इस बार दीपावली देसी सामान से मनाई जाएगी। चीनी सामान की मांग कम होने से बाजार देसी सामानों से गुलजार है। बाजार में त्योहार की रौनक नजर आने लगी है। रंग-बिरंगे दीपक, बंदनवार, झालरें और कंदील से दुकानें सजी हैं। त्योहारी सीजन को भुनाने के लिए व्यापारी भी देसी उत्पादों की बिक्री को …
बरेली,अमृत विचार। इस बार दीपावली देसी सामान से मनाई जाएगी। चीनी सामान की मांग कम होने से बाजार देसी सामानों से गुलजार है। बाजार में त्योहार की रौनक नजर आने लगी है। रंग-बिरंगे दीपक, बंदनवार, झालरें और कंदील से दुकानें सजी हैं। त्योहारी सीजन को भुनाने के लिए व्यापारी भी देसी उत्पादों की बिक्री को लेकर उत्साहित हैं।
शहर के बाजारों में त्योहारी सीजन का खुमार चढ़ चुका है। हर तरफ दीपावली की तैयारियां नजर आ रही है। सिविल लाइंस से लेकर बड़ा बाजार, कुतुबखाना बाजार में खरीदारी को बाजार में भीड़ उमड़ रही है। पूजा के सामान से लेकर मिठाइयों तक की दुकानों पर भीड़ है। दीपावली के लिए कैलेंडर, नए कपड़े, पकवान, बंदनवार, कंडील, मालाओं की खूब ब्रिकी हो रही है।
वर्षों बाद लौटा देसी झालरों का बाजार
दीपावली पर चाइनीज झालरों की खरीदारी कम हुई है। देसी झालरें बाजार में छाई हुई हैं। रंग-बिरंगी लाइटों के साथ झूमर, शुभ-लाभ की भी मांग अधिक है। इनकी कीमत 60 रुपये से लेकर 500 रुपये तक है। स्टार झालर भी बाजार में धूम मचा रही है। व्यापारियों का कहना है कि चाइनीज उत्पाद अब मांग में नहीं हैं। साथ ही इस बार चाइनीज माल प्रतिबंधित होने की वजह से बाजार में भी नहीं है। लोग भी देसी झालरें ही पसंद कर रहे हैं। यह कई साल बाद ऐसा हुआ है जब देसी झालरों का दौर दोबारा लौट कर आया है।
रंग-बिरंगे दीयों से जगमग होगी दीपावली
दीपकों के बिना दिवाली त्योहार अधूरा है। इसे लेकर बाजार में तमाम तरह के दीपक छाए हुए हैं। आकर्षक डिजाइनों वाले मिट्टी के दीये लोगों की पसंद बने हुए हैं। लोकल में तैयार किए गए रंग-बिरंगे दीपक, मटका दीपकों से भी बाजार भरा है। बाजार में मिट्टी के दीपकों की कीमत 10 रुपये से लेकर 250 रुपये तक है। दीपक ट्रे और लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति का सामान भी आ गया है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार को लेकर मिट्टी के दीपकों की काफी मांग है। कई नई वैरायटीज आई हैं। एलईडी कैंडल भी खूब छाई है। रंग-बिरंगी मोमबत्तियां भी ग्राहकों की पसंद बनी हैं। 60 रुपये से लेकर 200 रुपये तक इसकी कीमत है।
120 से 400 रुपये तक है कीमत
त्योहार पर घर को सजाने के लिए आकर्षक बंदनवार और कंडील भी आ गई हैं। बांस पर बनी शुभ लाभ बंदनवार और पत्तियों से सजी बंदनवार भी आ गई हैं। इनकी कीमत 120 से 400 रुपये तक है। इसके अलावा प्लास्टिक फूलों की लड़ियां भी खूब बिक रही हैं। वहीं, झूमर और कंडील भी खूब बिकने की उम्मीद है।
