मुरादाबाद : संदिग्ध परिस्थितियों में जिंदा जली महिला, मौके पर मौत...बिहार निवासी थी सुनीता

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

सात साल पहले की थी शीशपाल से शादी, कपड़ों में आग पकड़ने की पुलिस जता रही संभावना

मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक महिला की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई। कमरे से धुंआ उठता देख आस-पास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की प्राथमिक जांच में महिला के कपड़ों में आग पकड़ने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना क्षेत्र के काजीपुरा में प्रधानमंत्री आवास में सुनीता (26) अपने पति शीशपाल और 5 वर्षीय बेटे सन्नी के साथ रहती थी। वह मूलरूप से बिहार की रहने वाली थी। जो यहां पर काफी साल पहले आई थी। जिसका विवाह सात साल पहले पार्षद और स्थानीय लोगों ने शीशपाल से करा दिया था। दोनों मजदूरी कर अपना घर चला रहे थे। सुनीता पिछले एक साल से काफी बीमार भी रहती थी। साथ ही बीड़ी पीती थी। रोजाना की तरह उनके पति सोमवार की सुबह करीब आठ बजे काम के लिए चले गए। जबकि, उसका बेटा पड़ोसी के घर खेलने चला गया। करीब 11 बजे के आस-पास घर से अचानक धुंआ उठने लगा। जिसे स्थानीय लोगों ने देखने पर पुलिस को सूचना दी। 

मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि वह कमरे में फर्श पर पूरी तरह से जली हुई पड़ी थी। जबकि, कमरे में पड़ा चारपाई और कुछ उपले पूरी तरह से जलकर राख हो चुके थे। पुलिस ने फौरन उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि पिछले काफी समय से वह मानसिक रूप से भी परेशान चल रही थी। फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। सिविल लाइन थाना के प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल अभी तक मामले में किसी भी तरफ से कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाया गया है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मंडलायुक्त कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे सैकड़ों किसान, की ये मांग

संबंधित समाचार