'कुंदरकी-कटेहरी जीत सकते हैं तो कोई भी चुनाव जीता जा सकता है', अयोध्या में भाजपा कार्यकर्ताओं से बोले सीएम योगी

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या के अपने संक्षिप्त दौरे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुये कहा कि कुंदरकी और कटेहरी उपचुनाव में मिली जीत दर्शाती है कि जनहित के कार्य को प्राथमिकता देने वाली भाजपा मिल्कीपुर समेत कोई भी चुनाव जीतने में सक्षम है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। यहां वे रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन के करने के बाद धार्मिक अनुष्ठान पंच नारायण महायज्ञ में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री सरयू अतिथि भवन में लगभग डेढ़ घंटे तक अयोध्या के विकास और मिल्कीपुर उपचुनाव के साथ ही महाकुंभ और रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर गहन विचार विमर्श किया। 

उन्होने यहां मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। उन्होने मंत्रियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ मिल्कीपुर चुनाव में अब तक की तैयारियों की समीक्षा की। मण्डल प्रभारी से लेकर अन्य पदाधिकारियों से चुनाव के सन्दर्भ में उन्होंने प्रश्न पूछे। योगी ने पार्टी पदाधिकारियों को चुनाव में विजय का मंत्र भी दिया। 

पदाधिकारियों में उत्साह का संचार करते हुए योगी ने कहा कि जब कुंदरकी व कटेहरी का चुनाव जीत सकते हैं तो कोई भी चुनाव जीता जा सकता है। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बूथ मैनेजमेंट व पार्टी के जुड़े पदाधिकारियों को सक्रिय करने पर जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों से चुनाव जीतने की बेहतर रणनीति साझा की। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता है। इसलिए पदाधिकारी अपने पूरे सामर्थ्य से परिश्रम करें। मतदाता सूची पर उन्होंने विशेष रुप से फोकस करते हुए कहा कि भाजपा के मतदाताओं को चिन्हित करते चुनाव के लिए बूथ के पदाधिकारी इन वोटरों का शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करें। इसके लिए सम्पर्क व संवाद की प्रक्रिया लगातार चलाते रहे। 

सीएम योगी ने कहा कि सभी मोर्चो के सम्मेलन आयोजित किए जाए। सम्मेलनों के माध्यम से पार्टी की विचारधारा के पक्ष में वातावरण का निर्माण किया जाय व कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाए। बैठक में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, जेपीएस राठौर (राज्यमंत्री, स्वतंत्र प्रभार), मयंकेश्वर शरण सिंह, गिरीश चन्द्र यादव, सतीश शर्मा, व प्रदेश उपाध्यक्ष धमेन्द्र सिंह, एमएलसी इंजीनियर अवनीश पटेल, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, एमएलसी हरिओम पाण्डेय सहित कई पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

ये भी पढ़ें- अयोध्या: सनातन धर्म सुरक्षित है तो दुनिया में सब कोई सुरक्षित है- सीएम योगी

संबंधित समाचार