बरेली: शहर में छाईं प्रभु यीशु के आने की खुशियां, गिरजाघरों में हुई प्रार्थना सभा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मसीह समाज के लोगों ने क्रिसमस पर कैरल्स गाकर किया खुशी का इजहार

बरेली, अमृत विचार। मंगलवार रात 12 बजते ही शहर के सभी गिरजाघरों में यीशु के जन्मदिन का उल्लास छा गया। केक काटकर लोगों ने खुशी मनाई। चर्च में कैरल्स गाए गए। तो वहीं बुधवार सुबह भी शहर के सभी गिरजाघरों में प्रार्थना सभाओं का दौर जारी रहा। लोगों ने एक दूसरे को 'मैरी क्रिसमस' बड़े दिन की बधाई दी।

डॉ. डोनाल्ड बी लाल ने बताया कि मंगलवार रात 11 बजे सभी गिरजाघरों में आराधना हुई। क्राइस्ट मेथोडिस्ट चर्च में भी विशेष प्रार्थना की गई। पादरी सुनील मसीह ने केक काटकर एक दूसरे को खिलाया। बुधवार सुबह 10 बजे विशेष प्रार्थना के बाद बच्चों का नामकरण संस्कार किया गया। ईसाई समाज में इसे बैपिस्टस्म कहते हैं। इस दौरान एक साल से ऊपर के बच्चों का नामकरण किया गया।

सुबह 10.30 बजे बड़े दिन की प्रार्थना सभा सभी गिरजाघरों में आयोजित की गई। जिसमें विशेष गीत बाइबिल पाठ और प्रवचन हुए। गुरुवार को बच्चों के लिए मेथोडिस्ट कन्या छात्रावास परिसर में खेलकूद कराए जाएंगे। वहीं, रात में ठंड के दौरान जो लोग गिरजाघरों में नहीं पहुंच सके, उन्होंने घरों में ही क्रिसमस ट्री सजाए और यीशु के जन्मदिन पर गीत गाए। गिरजाघरों को रंग बिरंगी झालरों से सजाया गया। इज्जतनगर के चर्च में झांकियों के जरिए प्रभु यीशु के जन्म के समय की स्थिति को दर्शाया गया। मंगलवार को भी चर्च में बच्चों का आना जारी रहा। उनमें क्रिसमस पर्व को लेकर उत्साह रहा। सेंट अल्फोंसेस चर्च में भी प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।

सेंटाक्लाज बनकर बच्चों को बांटे उपहार
कैंट, इज्जतनगर सिविल लाइंस आदि स्थानों पर गिरजाघरों में खासी चहल पहल रही। कई लोग सेल्फी लेते नजर आए। सेंटाक्लाज के रूप में भी लोग दिखे। बच्चों में उनसे उपहार लेने की उत्सुकता रही। सेंटाक्लाज ने भी बच्चों को चॉकलेट बांटी।

संबंधित समाचार