युद्ध का असर : गैस उपभोक्ताओं की बढ़ीं मुश्किलें, होटल-रेस्टोरेंट बंदी की कगार पर, कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति ठप

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : होली के त्योहार के बाद अब खाड़ी युद्ध का गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर बुरा असर पड़ रहा है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर न मिलने से राजधानी में होटल-रेस्टोरेंट बंदी की कगार पर पहुंच गए हैं साथ ही घरेलू गैस उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। होली से पहले की गई गैस सिलेंडर की बुकिंग अब तक क्लियर नहीं हुई हैं और न ही दोबारा कंपनी के फोन पर बुकिंग हो रही है।

इससे घरेलू गैस उपभोक्ता परेशान हैं। गैस एजेंसी संचालकों से लेकर कर्मचारी भी उपभोक्ताओं को यह नहीं बता पा रहे कि उन्हें गैस सिलेंडर कब मिल पाएगा। इंडेन कंपनी की स्मृति गैस एजेंसी के मैनेजर विक्की का कहना है कि एजेंसी को कंपनी से कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं।

बाहर से आकर रह रहे लोगों के लिए खाने-पीने का संकट

राजधानी में गैस एजेंसियों को कंपनी से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद हो गई है। इससे होटल-रेस्टोरेंट बंदी की कगार पर हैं वहीं मेस आदि ने भी लोगों से अपने खाने का इंतजाम करने का अल्टीमेटम दे दिया है। जिससे शहर में बाहर से आकर रह रहे लोगों के लिए खाने-पीने का संकट पैदा हो गया है। यही स्थिति रही तो ठेले-खोमचे भी जल्द बंद हो सकते हैं।

कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत से घरेलू की बढ़ी मांग

19 किलो के कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत से अब 14.2 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर की मांग बढ़ गई है। होली के पहले से बुकिंग कराने वाले उपभोक्ता अभी तक सिलेंडर मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच कंपनियों ने गैस बुकिंग के लिए कम से कम 25 दिन की समय सीमा तय कर दी है। होटलों और रेस्टोरेंट सहित ठेलों में घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल हो रहा है।

कॉमर्शियल सिलेंडर 4400, घरेलू 1500 में

कॉमर्शियल सिलेंडर की मांग को देखते हुए गैस एजेंसियों में जमकर कालाबाजारी शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार 1900 रुपये का कॉमर्शियल सिलेंडर 4400 रुपये में बिक रहा है। वहीं 950 रुपये घरेलू गैस सिलेंडर 1500 रुपये में बिक रहा है। वहीं आपूर्ति विभाग के जिम्मेदार बेखबर हैं और कालाबाजारी के खिलाफ कोई कार्रवाई करने तक नहीं निकल रहे हैं।

ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के अध्यक्ष जगदीश राज ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। उपभोक्ताओं को पैनिक होने की जरूरत नहीं है। आगामी त्योहार को देखते हुए सोमवार से गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने वालों की संख्या अचानक बढ़ी है। होली के त्योहार पर कर्मचारियों के छुट्टी पर चले जाने से आपूर्ति न हो पाने से बैकलॉग बढ़ गया था।

यह भी पढ़ें : IndiGo के सीईओ पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा, राहुल भाटिया संभालेंगे प्रबंधन का कामकाज

संबंधित समाचार