लखीमपुर खीरी: डेढ़ साल पहले अपनी मां के साथ बुआ के घर निघासन आया था आतंकी गुरविंदर
आतंकी की बुआ के घर पहुंची एटीएस, पंजाब पुलिस और पीलीभीत पुलिस
निघासन, अमृत विचार। पीलीभीत में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए तीन आतंकियों का कनेक्शन तराई से जुड़े होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तेजी से जांच कर रही हैं। बुधवार देर शाम एटीएस, पीलीभीत और पंजाब पुलिस की टीमें आतंकी गुरविंदर सिंह की बुआ के घर थाना निघासन के खड़रिया फार्म पहुंचीं। टीम ने उसकी बुआ व परिवार के अन्य सदस्यों से करीब दो घंटे तक लंबी पूछताछ की। इसके बाद टीमें वापस लौट गईं। परिजनों के मुताबिक डेढ़ साल पहले आतंकी गुरविंदर अपनी मां सर्वजीत कौर के साथ बुआ के घर आया था।
बता दें कि तीन दिन पहले पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में पीलीभीत और पंजाब पुलिस की टीमों ने मुठभेड़ में पंजाब के गुरदासपुर के मोहल्ला कलानौर निवासी गुरुविंदर सिंह (25) थाना कलानौर के गांव अगवान निवासी वीरेंद्र सिंह उर्फ रवि (23) और कलानौर के ही गांव निक्का सूर निवासी जसनप्रीत सिंह उर्फ प्रताप सिंह (18) को मार गिराया था। आरोपियों के पास से दो एके 47, दो विदेशी ग्लॉक पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस और पूरनपुर से चोरी हुई बाइक बरामद की थी। तीनों ने गुरदासपुर की बख्सीवाल पुलिस चौकी पर ग्रेनेड से हमला किया था। तभी से पुलिस तीनों की तलाश कर रही थी। एनकाउंटर के बाद पंजाब पुलिस के साथ ही पीलीभीत पुलिस, एटीएस और एनईए की टीमों ने जांच का दायरा बढ़ाया तो मारे गए आतंकी गुरविंदर सिंह का लखीमपुर जिले के तराई से कनेक्शन मिला। टीमों को पता लगा कि आतंकी गुरविंदर सिंह की बुआ परमजीत कौर थाना निघासन क्षेत्र की ग्राम पंचायत लुधौरी के खडरिया फार्म में रहती है। बुधवार की देर शाम पंजाब पुलिस, पीलीभीत और एटसीएस की टीमें खड़रिया निवासी फार्म उनके घर पहुंची। भारी पुलिस बल देख परिवार वालों में हड़कंप मच गया। टीमों ने आतंकी की बुआ परमजीत कौर (65) उसके बड़े बेटे बलविंदर सिंह और मंझिले बेटे कुलदीप सिंह से अलग-अलग करीब दो घंटे तक पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किया। अन्य रिश्तेदारियों की भी जानकारी ली। पूछताछ करने के बाद टीमों ने सभी को छोड़ दिया और वापस लौट गई।
