Bareilly: मनरेगा में गोलमाल! गड़बड़ी करने में फंसे BDO समेत आठ लोग, अब होगी रिकवरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार : मनरेगा लोकपाल की जांच में दमखोदा ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुड़िया नबी बख्श में निर्माण कार्य और पौधरोपण कराने में की गई गड़बड़ी के मामले में बीडीओ समेत आठ लोग दोषी पाए गए हैं। सभी से धनराशि की रिकवरी कराई जाएगी।

मनरेगा लोकपाल शिशुपाल मौर्य ने बताया कि नवंबर में ग्राम पंचायत के निवासी ओमप्रकाश और लेखराज ने शिकायत की थी। जांच में सामने आया कि मनरेगा के तहत पुल से राजाराम के खेत तक कराया गया कार्य मौके पर मिला, लेकिन कार्यों का नागरिक सूचना बोर्ड नहीं मिला, जो कि शासनादेश का उल्लंघन है। इसके लिए दमखोदा में तैनात रहे बीडीओ, लेखाकार, एपीओ, तकनीकी सहायक, कार्य प्रभारी जिम्मेदार पाए गए हैं। 20 प्रतिशत के रिकवरी के आधार पर पांचों लोगों पर 20 हजार की रिकवरी का आदेश दिया गया है।

इसी तरह से ग्राम पंचायत में पौधरोपण के कार्यों की स्थलीय जांच की गई। जांच के दौरान मौके पर एक भी पौधा जीवित नहीं मिला। पौधे फ्री में मिलते हैं, इसके बाद भी पौधों के खरीदने पर खर्च दिखाया गया। इसको लेकर 9954 रुपये की रिकवरी निकाली गई है। इसमें ग्राम प्रधान, सचिव और तकनीकी सहायक दोषी पाए गए हैं। सभी से 33 प्रतिशत के आधार पर रिकवरी की जाएगी। यह धनराशि मनरेगा के खाते में जमा करने के आदेश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- Bareilly: गोशाला में मौत का मंजर! ठिठुरकर मर गए सात गोवंशीय पशु, आधी रात तक हंगामा

संबंधित समाचार