Ayodhya Weather: पांचे घंटे तक बूंदाबांदी, खिली धूप तो मिली राहत, शाम होते ही छाया कोहरा
अयोध्या, अमृत विचार। सर्दी के सीजन में रविवार को करीब पांच घंटे तक बूंदाबांदी होती रही। सुबह दस से दोपहर दो बजे तक सड़कें रिमझिम बारिश से भीगती रहीं। दो बजे के बाद आसमान पर छाई बदली को चीर कर सूर्य देवता ने झांका तो करीब दो घंटे चार बजे तक हल्की धूप ने सुबह हुई बूंदाबांदी से थोड़ी राहत दी।
इसके बाद जैसे ही घड़ी की सुई साढ़े चार के काटे पर पहुंची धुंध और कोहरा छा गया। रविवार को मौसम में हुए बदलाव से जहां सर्दी की सिहरन बढ़ी वहीं लोगों का संडे के लुत्फ उठाने पर भी पानी फिर गया। मौसम विभाग की ओर से आगामी 15 और 16 जनवरी को भी बारिश की संभावना जताई गई है।
शनिवार को खिली धूप का आनंद उठाने के बाद रविवार की सुबह से ही मौसम में नमी रही। नौ बजे तक धुंध छाई रही उसके बाद आसमान पर काली घटाओं ने डेरा डाल दिया। इसके बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, प्रातः दस से 11:30 तक हल्की बूंदाबांदी के बाद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई हिस्सों में ठीक ठीक बारिश भी हुई।
बूंदाबांदी के बीच रुक रुक कर चल रही शीतलहर ने लोगों को घर से बाहर निकलने से रोक दिया। चौक चौराहों और विभिन्न क्षेत्रों में जलने वाले नगर निगम के अलाव भी कम पड़ गए। कैंट और अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर भी यात्री ठंड से ठिठुरते दिखाई दिए। दोपहर दो बजे तक चली बूंदाबांदी के कारण चौक बाजार, बजाजा, रिकाबगंज, गुदड़ी बाजार, फतेहगंज और नाका आदि नगर के प्रमुख स्थानों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी।
गुप्तारघाट और कंपनी गार्डन में भी रविवार को होने वाली भीड़ इस बार बूंदाबांदी के कारण नदारद रही। घरों में भी महिलाएं और बच्चे कंबलों में ही दुबके रहे। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्र ने बताया िक अब रात का तापमान और लुढ़केगा। 15 व 16 में बारिश का अनुमान है।
बिजली को भी लगता रहा सर्दी का करंट
हल्की बूंदाबांदी के चलते रविवार को चौक से लेकर देवकाली समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। उप केन्द्रों पर ओटीएस के लिए जुटने वाली भीड़ नहीं दिखाई दी जबकि रविवार को भी पंजीकरण के लिए कैंप लगाए गए थे। चौक उप केन्द्र के अधीन आने वाले क्षेत्रों में तीन से चार बार दो से तीन तीन घंटे की ट्रिपिंग हुई। नियावां और सिविल लाइन उप केन्द्र से भी बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत सामने आई। शीतलहर देवकाली क्षेत्र में भी प्रातः 11 बजे से 11:30 और 1:30 से 2 बजे से आपूर्ति बाधित रही।
गेहूं के लिए फायदेमंद है बारिश
पूरा बाजार। रविवार को हुई बरसात से तिलहन व दलहन की फसलों को नुकसान हो सकता है, जबकि गेहूं की फसल को फायदा होगा। सराय चैमल निवासी किसान रामकुमार, राम सागर, शोभाराम, राकेश, लक्ष्मीदासपुर निवासी किसान रामनयन कहते हैं कि गेहूं की बुवाई पिछड़ कर हुई है, उसके लिए फायदेमंद है।
