अयोध्या: वन विभाग के प्रवर्तन दस्ते ने की छापेमारी, दो जगह मिली कटान
क्षेत्रीय वन अधिकारी को सौंपा गया जुर्माने की कार्रवाई का जिम्मा
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में हरे और प्रतिबंधित पेड़ों के कटान की शिकायत के बाद सक्रिय हुए वन विभाग ने छापेमारी की है। छापेमारी में कई जगह अवैध कटान का मामला पकड़ा है। संबंधित प्रकरणों में जुर्माने की कार्रवाई का जिम्मा संबंधित क्षेत्र के वन अधिकारी को सौंपा गया है।
जिले के तारुन, रौनाही और कैंट थाना क्षेत्र में हरे और प्रतिबंधित पेड़ों को काटे जाने का मामला सामने आया था। शिकायत का संज्ञान लेते हुए विभाग ने टीम बनाकर अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। डीएफओ प्रणव जैन के नेतृत्व में जिला प्रवर्तन दल ने बीकापुर रेंज में थाना तारुन के देवकली क्षेत्र में सिद्धि प्रकाश तिवारी के घर के सामने खेतों में छानबीन की तो मौके पर लगभग 20 पेड़ों की ठूंठ मिली, जो लगभग डेढ़ माह पूर्व बिना परमिट काटे गए थे।
वहीं इसी रेंज में तारुन थाना क्षेत्र के नंसा गाँव में प्रवर्तन टीम को काटे गए सागौन के चार पेड़ कटे मिले। वन विभाग की प्रवर्तन टीम को देख ठेकेदार लकड़ी छोड़ मौके से फरार हो गया। टीम ने पेड़ मालिक और लकड़ी ठेकेदार की पहचान की है। उधर सोहावल तहसील के रौनाहीं थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कोला में प्रवर्त्तन टीम को सागौन के चार पेड़ काटे जाने के सबूत मिले हैं। टीम में जिला प्रवर्तन दल प्रभारी के साथ सीबी सोनकर, विष्णु चौहान मौजूद रहे।
जिला प्रवर्तन दल प्रभारी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि छापेमारी में तीन जगहों पर अवैध कटान मिली है। संबंधित क्षेत्र के वन अधिकारी को पेड़ मालिक और ठेकेदार के खिलाफ पेड़ों की संख्या के आधार पर जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कहा गया है।
ये भी पढ़ें- 'AAP है पूर्वांचल विरोधी, महाठग है केजरीवाल', भाजपा ने पोस्टर के जरिए साधा निशाना
