खबरदार! कासगंज की सड़कों पर आए यमराज, नियम तोड़ा तो ले जाएंगे साथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज, अमृत विचार: मंगलवार को सड़कों पर यमराज दिखाई दिए। हाथ में माइक लेकर कहा कि अगर यातायात नियम तोड़े तो साथ ले जाऊंगा। दरअसल, यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया। इस दौरान यातायात पुलिस ने यमराज के साथ यातायात नियमों को तोड़ने वाले वाहन चालकों को हिदायत दी कि हर संभव नियमों का पालन करें, तभी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। साथ ही 154 वाहनों के चालान भी काटे गए।

WhatsApp Image 2025-01-14 at 16.37.49 (1)

जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। सड़क जागरूकता अभियान के तहत वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है। इसी के तहत पुलिस ने मंगलवार को लोगों को जागरूक करने के लिए एक नया तरीका अपनाया। लोगों में यातायात के नियमों के प्रति जागरूकता लाने के लिए यमराज के रूप में एक युवक को तैयार किया गया। पुलिसकर्मी यमराज को सड़कों पर लेकर पहुंचे।

यमराज ने माइक को हाथ में लेकर कहा कि अगर यातायात नियम तोड़े, तो मैं साथ ले जाऊंगा। सड़कों से गुजर रहे बाइक चालकों को हेलमेट लगाकर बाइक चलाने की सलाह दी। वहीं, चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने को कहा। उन्होंने यह भी हिदायत दी कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और निर्धारित गति सीमा के तहत ही वाहन चलाएं।

बताया कि दुर्घटनाओं के तीन प्रमुख कारण हैं- नींद, नशा और तेज रफ्तार। उन्होंने कहा कि जिंदगी अनमोल है, इसे व्यर्थ में न गंवाएं। साथ ही "जान है तो जहान है" का संदेश भी दिया।

इस मौके पर यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 154 वाहनों के चालान काटे गए हैं। अभियान के दौरान योगेश कुमार, रोहित कुमार, अवधेश कुमार, कुलदीप कुमार, जगवीर सिंह, सतीश कुमार सहित अन्य यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- कासगंज : व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ - राजू भैया 

संबंधित समाचार