कानपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कांग्रेस को घेरा, बोले- पूज्यनीय संविधान को राहुल गांधी जींस की जेब में रखते...
कानपुर, अमत विचार। भाजपा रामायण, गीता जैसे धार्मिक ग्रंथों की तरह ही संविधान को भी पूज्यनीय मानती है लेकिन कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी उसे नीली जींस की दायीं जेब में रख कर घूम रहे हैं। यह बात केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने भाजपा द्वारा आयोजित संविधान गौरव गोष्ठी में कही। आकर्षण गेस्ट हाउस, के ब्लॉक किदवई नगर में आयोजित कार्यक्रम में बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबों को शिक्षा से कोसों दूर रखा। कांग्रेस ने आपातकाल के दौरान विपक्षी नेताओं को 27 महीने के लिए जेल में ठूंस दिया था।
इससे पहले भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, उत्तर जिलाध्यक्ष दीपू पांडे, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने संविधान की पुस्तक भेंट कर बघेल का स्वागत किया। बघेल ने कहा कि यह हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इंदिरा गांधी ने मंडल कमीशन की रिपोर्ट को लाल कार्पेट के नीचे दबा कर रखा था। पंडित नेहरू आरक्षण विरोधी थे। उन्होंने सदैव आरक्षण का विरोध किया।
सांसद रमेश अवस्थी और विधायक महेश त्रिवेदी ने संविधान के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में स्वप्निल वरुण, बालचंद मिश्र, रघुनंदन भदोरिया, कौशल किशोर दीक्षित, रामदेव शुक्ल, विनोद शुक्ला, जयप्रकाश कुशवाहा, राम लखन रावत, गणेश शुक्ला, अवधेश सोनकर, नरेश कठेरिया, रामबाबू गिहार, अनीता त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
