कानपुर में भरे बाजार बमबाजी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार: फायरिंग कर फैलाई दहशत, दुकानदारों ने बंद कर दी थी दुकानें...
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर में चकेरी थानाक्षेत्र के लाल बंगला में पुरानी सब्जीमंडी स्थित सुनार वाली गली में बमबाजी व फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को चकेरी पुलिस ने पूनम टॉकीज के सामने ग्राउंड एनटू रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में शातिरों ने अपने नाम लाल बंगला फूल वाली गली निवासी साहिल उर्फ फन्डा गिहार, लाल बंगला शिवकटरा निवासी देबू कुमार बाल्मिकी व जाजमऊ पोखरपुर निवासी रजाउल्ला बताया।
ये था मामला
लाल बंगला के पुरानी सब्जीमंडी स्थित सुनार वाली गली में बुधवार रात वर्चस्व को लेकर दो गुटों में फायरिंग व बमबाजी हुई थी। दहशत के चलते दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकान बंद कर दी थीं। गुरुवार सुबह डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह और एडीसीपी मनोज कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और जांच कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। अफसरों ने दुकानदारों से पूछताछ की। फुटेज में काजीखेड़ा निवासी गौरव जैन सामने आया है। डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि जन्मदिन पार्टी मनाने के दौरान सीसी फुटेज में गौरव जैन नाम का युवक तमंचे से फायरिंग करता नजर आया है। उसकी तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
