बहराइच: बालिका पर हमला करने वाला तेंदुआ पिंजरे में हुआ कैद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तीन दिन पूर्व खेत गई बालिका की तेंदुए के हमले में हुई थी मौत

मिहीपुरवा/बहराइच, अमृत विचार। जनपद के ग्राम पंचायत उर्रा निवासी बालिका को तीन दिन पूर्व तेंदुए ने हमला कर मार डाला था। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से पिंजरा लगाया गया था। शनिवार सुबह तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। उसे रेंज कार्यालय लाया गया है।

मोतीपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत उर्रा के मजरा तमोलिनपुरवा गांव निवासी शालिनी (8) पुत्री बैज नाथ परिवार के साथ खेत गई थी। तीन दिन पूर्व खेत में काम करते समय शाम 5:00 बजे तेंदुए ने हमला कर बालिका को मौत के घाट उतार दिया था। तेंदुए की हमले में बालिका की मौत के बाद ग्रामीणों द्वारा वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की गई। ग्रामीणों की मांग पर कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के ककरहा वन रेन्ज के वन कर्मियों ने घटनास्थल के निकट पिंजड़ा लगवाया।

पिंजरा लगने के तीसरे दिन शनिवार सुबह बकरी के शिकार के लालच में तेंदुआ सुबह लगभग 7:20 बजे पिंजरे में कैद हो गया। वन कर्मी उसे रेंज कार्यालय लेकर आए हैं। डीएफओ बी शिव शंकर ने बताया कि स्वास्थ्य जांच और अधिकारियों के निर्देश के बाद तेंदुआ को जंगल में छोड़ने का फैसला लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- बहराइच : श्रावस्ती सहकारी चीनी मिल में सल्फर का केन खोलते समय हादसा, संविदाकर्मी झुलसा

संबंधित समाचार