बरेली: बेटी के नाम से प्रतिष्ठान को दें पहचान
बरेली,अमृत विचार। मिशन शक्ति अभियान के दूसरे चरण में ‘बेटियों से है पहचान’ थीम पर व्यापारियों को बेटी के नाम से प्रतिष्ठान को पहचान देने के लिये जागरूक किया जा रहा है। बुधवार को जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार के निर्देशन में अन्नपूर्णा वन स्टाप सेंटर की प्रिंसी सक्सेना व चंचल गंगवार ने महिलाओं के …
बरेली,अमृत विचार। मिशन शक्ति अभियान के दूसरे चरण में ‘बेटियों से है पहचान’ थीम पर व्यापारियों को बेटी के नाम से प्रतिष्ठान को पहचान देने के लिये जागरूक किया जा रहा है। बुधवार को जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार के निर्देशन में अन्नपूर्णा वन स्टाप सेंटर की प्रिंसी सक्सेना व चंचल गंगवार ने महिलाओं के साथ श्यामगंज और खुर्रम गौटिया क्षेत्र के व्यापारियों को जागरूक किया। उन्हें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का महत्व समझाया और बेटियों को आगे बढ़ाने के लिये प्रयास करने का आह्वान किया।
मिशन शक्ति अभियान के द्वितीय चरण में बालिकाओं को स्वावलम्बी बनाने, उनमें सुरक्षित परिवेश की अनुभूति कराने, जागरूकता पैदा करने व आत्म सुरक्षा की कला विकसित करने समेत अन्य बिंदुओं पर जागरूक किया जा रहा है। मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोसामाजिक मुद्दों से सुरक्षा तथा सपोर्ट के लिये ‘बेटियों से है पहचान’ थीम पर समस्त ग्राम ब्लॉक स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये। ग्राम व ब्लॉक स्तर पर घरों व दुकानों को अपने परिवार की महिलाओं और बेटियों के नाम से पहचान देने के लिये जागरूकता कार्यक्रम चलाये गये।
महिला कल्याण अधिकारी सोनम शर्मा ने सावित्री इंटर कालेज एवं राम प्यारी इण्टर कालेज में बालिकाओं एवं महिलाओं के प्रति हिंसा/अपराध करने वालों की पहचान उजागर करने को लेकर जागरूक किया। संरक्षण अधिकारी संध्या जायसवाल ने ब्लॉक मझगवां में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। जिला समन्वयक रिंकी सैनी ने फरीदपुर ब्लॉक एवं थाना फरीदपुर, अरुण कुमारी तिवारी ने क्यारा, राजकुमार ने बिथरीचैनपुर ब्लॉक और सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद कुमार सागर ने बेटियों से पहचान थीम पर मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं तथा बच्चों को जागरूक किया। स्वैच्छिक संगठनों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया।
