Bareilly: साधु संतों की मांग को शहाबुद्दीन ने बताया जायज, सनातन बोर्ड गठन का किया समर्थन
बरेली, अमृत विचार। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने महाकुंभ मेले में साधु-संतों द्वारा उठाई गई सनातन बोर्ड की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि वक्फ बोर्ड की तर्ज पर सनातन बोर्ड का गठन किया जाए।
मौलाना रजवी ने कहा कि वक्फ बोर्ड की तरह, भारत सरकार को एक उच्च स्तरीय राष्ट्रीय सनातन काउंसिल बनानी चाहिए। इसके तहत राज्य स्तरीय सनातन बोर्ड गठित किए जाएं, जो गरीब, कमजोर और लाचार हिंदुओं की आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक स्थिति को सुधारने में मदद करें। उन्होंने कहा कि यह देश के लिए बड़ा काम होगा और समाज के जरूरतमंद वर्गों की मदद के लिए एक मजबूत व्यवस्था तैयार होगी।
वक्फ बोर्ड के अनुभव का हवाला
मौलाना ने कहा कि वक्फ बोर्ड के गठन का उद्देश्य भी कमजोर और लाचार वर्ग की मदद करना था, लेकिन जिम्मेदार लोगों ने इस पर खरा नहीं उतरने दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि सनातन बोर्ड का गठन इस तरह से किया जाए कि इसके उद्देश्यों की पूर्ति सुनिश्चित हो सके।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मौलाना रजवी ने कहा कि अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक एजेंडा PDA को भगवान का दर्जा देकर सनातन धर्म का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक एजेंडे की तुलना भगवान से करना अनुचित है।
सनातन धर्म का सम्मान बनाए रखने की अपील
मौलाना ने कहा कि कुंभ मेले जैसे धार्मिक आयोजनों के बहाने सनातन धर्म का अपमान करना उचित नहीं है। उन्होंने अखिलेश यादव को सलाह दी कि वे धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें और अपने बयानों में सावधानी बरतें।
यह भी पढ़ें- Bareilly: दरोगा को IG ने जबरन कर दिया रिटायर, जानें क्या था जुर्म? पुलिसकर्मियों में खलबली!
