रामपुर: चक्की के पटे की चपेट में आकर होमगार्ड की पत्नी की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

स्वार के खपरैल के मझरा में हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम

स्वार, अमृत विचार। चक्की में इंजन के पटे की चपेट में आकर होमगार्ड की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मचा है।

कोतवाली के मधुपुरी के खपरैल के मझरा निवासी रामचन्द्र सिंह कोतवाली में होमगार्ड तैनात है। होमगार्ड की 45 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी अपने बेटे आकाश के साथ आटा पीसने की चक्की चलाती है। गुरुवार को होमगार्ड की पत्नी और बेटा चक्की पर आटा पीस रहे थे। अचानक चक्की के इंजन के पटे ने महिला के कपड़ों को चपेट में ले लिया। मां की चीख-पुकार सुनकर बेटा आकाश ने बचाने का प्रयास कर आनन-फानन में इंजन को बंद किया। इस बीच महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। शोर-शराबा सुनकर परिजन एवं ग्रामीण आ गए। घायल महिला को परिजन उचित उपचार के लिए मसवासी के निजी अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। मृतक महिला के होमगार्ड पति के महाकुंभ से आने पर शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिजन बिना कोई कार्रवाई के ही महिला के शव को घर ले गए। मृतक महिला के परिजनों में कोहराम मचा है।

महाकुंभ में ड्यूटी कर रहा होमगार्ड  
मृतक महिला का पति रामचन्द्र सिंह कोतवाली में होमगार्ड के पद पर तैनात है। होमगार्ड की ड्यूटी प्रयागराज में महाकुंभ मेले में लगी है। परिजनों ने होमगार्ड को सूचना दी। जिस पर होमगार्ड ने घटना के बारे में अपने उच्चाधिकारियों को बताया। पत्नी की मौत होने पर उच्चाधिकारियों ने घर जाने के लिए होमगार्ड को छुट्टी दे दी है।

संबंधित समाचार