National Girl Child Day : बेटियों और महिलाओं को बनाएं सशक्त, दिलाएं अधिकार... निकाली गई जागरूकता रैली

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करें...राष्ट्रीय बालिका दिवस पर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से निकाली गई जागरूकता रैली

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाते मुख्य चिकित्साधिकारी डा. कुलदीप सिंह, व उपस्थित अन्य चिकित्साधिकारी व स्वास्थ्य कर्मी

मुरादाबाद। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर शुक्रवार को 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' का संदेश लेकर सीएमओ कार्यालय से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने किया। रैली का उद्देश्य जन सामान्य को 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' के लिए जागरूक करना था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में भी हमारे देश में लैंगिक असमानता एक बड़ी चुनौती बनी है। आज भी न जाने कितनी ही लड़कियों को शिक्षा, कानूनी अधिकार, स्वास्थ्य और समानता के अधिकार जैसे कई भेदभावों का सामना करना पड़ता है। 

भारत में बालिकाओं और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों से उन्हें बचाने, उनके सामने आने वाली चुनौतियों व उनके अधिकारों के संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से हर साल 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस यानी नेशनल गर्ल चाइल्ड डे मनाया जाता है। जिससे देश की बेटियों और महिलाओं को सशक्त बनाने में मदद मिल सके। इसके साथ ही इस दिन लोगों को बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके पोषण के महत्व के प्रति जागरूक किया जाता है। इस दिवस को मनाने की शुरुआत साल 2008 से हुई है। 

नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी डा. भारत भूषण ने कहा कि राष्ट्रीय बालिका दिवस न सिर्फ बच्चियों के लिए बल्कि पैरेंट्स के लिए खास है। बेटियां ही सृष्टि का आधार हैं। इनमें ही श्रेष्ठतम विश्व के स्वप्न को साकार करने का सामर्थ्य है। किसी ने सही ही कहा है कि यदि बेटा अंश है, तो बेटी वंश है। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डा. संजीव बेलवाल, प्रमोद कुमार, अजीजुर रहीम, पुनीत कुमार, अंकित शर्मा आदि उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : पुलिसकर्मी से 15 लाख की ब्लैकमेलिंग का प्रयास, महिला सहित 6 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार