लखीमपुर खीरी: गन्ने में लगी आग बुझाते समय जिंदा जला किसान 

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बेहजम, अमृत विचार। थाना नीमगांव क्षेत्र में पड़ोसी के गन्ने के खेत में लगी आग को बुझाते समय किसान आग में घिर गया और उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
 
थाना नीमगांव की पुलिस चौकी सिकंद्राबाद के गांव सुंदरपुर निवासी रमेश चंद्र (55) शुक्रवार की शाम अपने खेत में पड़ी गन्ने की पत्ती जलाने गए थे। बताते हैं कि उन्होंने पत्ती जलाई। कुछ देर बाद तेज हुई आग पड़ोसी के गन्ने के खेत में पहुंच गई। रामचंद्र  शोर शराबा करते हुए पड़ोसी के गन्ने में लगी आग को बुझाने का प्रयास करने लगे। गन्ने के खेत से उठ रहीं लपटों और शोर शराबा सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद तमाम किसान, मजदूर और गांव के लोग जब तक मौके पर पहुंचते। इससे पहले ही रमेश चंद्र चारों तरफ से आग के बीच घिर गए और उनकी जिंदा जलकर मौत हो गई। 

ग्रामीणों ने ट्रैक्टर आदि से गन्ना तोड़कर और जुताई कर किसी तरह से आग फैलने से रोकी। आग में किसान के जिंदा जलने की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रोते-बिलखते परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस अग्निकांड में मृतक किसान और उसके पड़ोसी का करीब एक-एक एकड़ गन्ना जल गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

संबंधित समाचार