Bareilly: स्टांप शुल्क चोरी के 400 मामलों का खुलासा, 2 करोड़ से अधिक की हेराफेरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अनुपम सिंह, बरेली। जिले में जमीनों की खरीद-फरोख्त में स्टांप शुल्क में चोरी नहीं रुक रही है। पिछले तीन वर्षां में चार सौ मामले जांच में पकड़ में आए हैं जिनके वाद डीएम, एडीएम, एआईजी स्टांप के कोर्ट में लंबित हैं। इनमें करीब दो करोड़ रुपये की चोरी पकड़ी गई है। बड़ी संख्या में लोग डीआईजी स्टांप के कोर्ट में भी पहुंचे हैं।

जमीन, मकान, प्लाट की खरीदारी में भू-उपयोग बदलकर स्टांप शुल्क की चोरी करने के मामले ज्यादा हैं। शुरुआती दौर में ये मामले पकड़ में नहीं आते हैं, लेकिन बाद में जांच के दौरान गड़बड़ियां पकड़ में आ जाती हैं। स्टांप एवं निबंधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान पिछले तीन सालों में जिले भर में स्टांप चोरी के करीब 400 मामले पकड़े गए हैं, इसमें लगभग दो करोड़ से ज्यादा की स्टांप शुल्क चोरी की गई है। इसमें भी जमीनों की खरीद-फरोख्त में स्टांप शुल्क चोरी करने वालों की संख्या 70 से 80 के करीब बताई जा रही है, जबकि बाकी छोटे खरीदार हैं। अधिकारियों ने जांच करके वाद दायर कराया है।

मौजूदा समय में डीएम, एडीएम, एआईजी स्टांप की कोर्ट स्टांप चोरी के यह मामले लंबित हैं, इसमें तीन-तीन साल पुराने मामले भी हैं। संबंधित कोर्ट ने स्टांप शुल्क चोरी के मामले में संबंधित व्यक्ति ब्याज लगाने के साथ ही अर्थदंड भी लगाया है, इसमें से करीब 164 लोगों ने डीआईजी स्टांप की कोर्ट में अपील दायर कर रखी है। हालांकि, अभी इन मामलों का निस्तारण नहीं हो सका है।

31 मार्च तक सौ रुपये के टोकन मनी के साथ दें सहमति पत्र, माफ होगा अर्थदंड
स्टांप शुल्क चोरी के मामले में लगाए गए भारी भरकम अर्थदंड से बचने के लिए सरकार की ओर से राहत दी गई है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन विभाग की ओर से समाधान योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत इन लोगों को 31 मार्च 2025 तक 100 रुपये के टोकन मनी पर प्रार्थना पत्र संबंधित कोर्ट में देकर यह बताना होगा कि स्टांप चोरी की मूल धनराशि को ब्याज के साथ में जमा कर देंगे, जिससे स्टांप शुल्क चोरी के मामलों में लगाए गए अर्थदंड माफ हो जाएगा।

भू-उपयोग बदलकर स्टांप शुल्क चोरी करने वालों को सरकार ने राहत दी है। 31 मार्च तक सहमति पत्र लिखकर कोर्ट में देने से पूरा जुर्माना माफ कर दिया जाएगा। स्टांप शुल्क चोरी के मामलों में अर्थदंड चार गुना लगाया जाता है- तेज सिंह यादव, एआईजी स्टांप।

यह भी पढ़ें- Bareilly: फौजी के साथ मारपीट, गाली-गलौज का किया था विरोध, फिर ससुर और साले ने बरसाए लाठी-डंडे

संबंधित समाचार