लखीमपुर खीरी: महज एक कप चाय के लिए हैवान बना ससुर, बहू की बांके से काटकर हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

हत्या के बाद दो घंटे तक शव के पास बैठा रहा आरोपी ससुर

मितौली, अमृत विचार। थाना मितौली क्षेत्र के गांव खंजन नगर में शुक्रवार को दिल दहलाने वाली वारदात हुई है। चाय बनाने को लेकर ससुर और बहू के बीच विवाद हो गया। इससे गुस्साए ससुर ने बांके से काटकर बहू की हत्या कर दी। चाकू से भी उसके शव पर कई वार किए। इससे उसका पेट भी फट गया। हत्या के बाद आरोपी बांका व चाकू लेकर शव के पास करीब दो घंटे तक बैठा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

घटना शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे हुई। मितौली थाना क्षेत्र के गांव खंजन नगर निवासी सिन्नी (35) का पति गन्ने की छिलाई करने के लिए खेत पर गया था। सिन्नी अपने दो बच्चों व ससुर के साथ घर पर थी। सुबह करीब आठ बजे उसके ससुर और सिन्नी के बीच चाय बनाने को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि शरीफ ने बांका उठा लिया और सिन्नी पर ताबड़तोड़ कई प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। इतने में भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने चाकू से उसका सारा शरीर गोद डाला। इससे महिला का पेट भी फट गया। घटना की सूचना पाकर चौकी कस्ता पुलिस मौके पर पहुंच गई। चौकी इंचार्ज प्रशांत कुमार ने परिवार वालों के आने का भी इंतजार नहीं किया और आनन-फानन में शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। सूचना पर पहुंचे एसपी संकल्प शर्मा व सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। कस्ता चौकी इंचार्ज प्रशांत कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 
 
दरोगा ने मीडिया को भी रोका
हत्या की सूचना पर क्षेत्र के तमाम पत्रकार मौके पर पहुंच गए। मौके पर मौजूद दरोगा प्रशांत कुमार ने मीडिया को घर के अंदर जाने से रोक दिया। उनका कहना था कि फॉरेंसिंक टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम के आने के बाद ही अंदर जाने दिया जाएगा, लेकिन काफी  देर तक टीम नहीं पहुंची। टीम के पहुंचे बिना ही पुलिस ने आनन-फानन में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे मीडियाकर्मियों और दरोगा के बीच काफी नोकझोंक हुई।

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: डीएम-एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, परखी भोजन की गुणवत्ता

संबंधित समाचार