मुरादाबाद: मतपेटी में 70 दावेदारों का भाग्य हुआ बंद, फैसला आज
मुरादाबाद, अमृत विचार। दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी मुरादाबाद के वार्षिक चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हो गई। गुरुवार को हुए मतदान के बाद 70 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटी में बंद हो गया, 21 पदों पर होने वाले चुनाव में इस बार अध्यक्ष व महासचिव पद पर छह-छह दावेदार मैदान में हैं। सुबह 10 …
मुरादाबाद, अमृत विचार। दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी मुरादाबाद के वार्षिक चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हो गई। गुरुवार को हुए मतदान के बाद 70 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटी में बंद हो गया, 21 पदों पर होने वाले चुनाव में इस बार अध्यक्ष व महासचिव पद पर छह-छह दावेदार मैदान में हैं। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक हुए मतदान में करीब 1800 अधिवक्ताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। पहली बार निष्पक्ष मतदान के लिए वीडियोग्राफी कराने के साथ ही सीधा प्रसारण किया गया। शुक्रवार को सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू होगी। अधिकतर सीटों पर शुक्रवार की शाम तक परिणाम आने की संभावना है।
करीब सवा दो साल बाद दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव की प्रक्रिया दो नवंबर से शुरू हुई थी, 21 सीटों पर होने वाले चुनाव में इस बार 70 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दावेदार चुनाव प्रचार में जुट गए। कोविड-19 के नियमों के तहत इस बार प्रत्याशियों ने सादगी से चुनाव प्रचार किया। अध्यक्ष व महासचिव पद पर छह-छह दावेदार मैदान में रहे।
शांतिपूर्वक संपन्न हुआ मतदान
निष्पक्ष चुनाव के लिए एक समिति का गठन किया गया था। गुरुवार को सुबह दस बजे से एल्डर कमेटी के चेयरमैन रमाशंकर की मौजूदगी में मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। इसको लेकर सुबह से ही कचहरी परिसर में चहल-पहल रही। जहां दावेदार अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे थे तो वहीं अधिवक्ता भी जोश से लबरेज नजर आए। करीब दो हजार अधिवक्ताओं को अपने मत का प्रयोग करना था। मतदान की रफ्तार सुबह तो धीमी रही लेकिन वक्त के साथ ही प्रतिशत बढ़ता रहा। निर्धारित वक्त तक करीब 1800 अधिवक्ताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। निष्पक्ष व शांतिपूर्वक मतदान कराने के लिए वीडियोग्राफी के साथ ही कचहरी परिसर में इसका सीधा प्रसारण भी किया गया। मतगणना शुक्रवार की सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
शांतिपूर्वक तरीके से मतदान संपन्न हो गया। सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला शुक्रवार को होगा। शुक्रवार की शाम तक अधिकतर सीटों का परिणाम आ जाएगा।-रमाशंकर, कार्यवाहक चेयरमैन, एल्डर कमेटी
